उचाना के प्रमुख डाकघर रोड पर भरा बारिश का पानी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना में नेशनल हाईवे भी बारिश के कारण बना तालाब
उचाना। गुरुवार सुबह जब लोगों की आंखें खुली तो बारिश हो रही थी। घरों से बाहर लोग निकले तो गली, मोहल्लों, बाजारों में पानी बारिश का था। कई कॉलोनियों, बाजरों में तो दुकानों तक में बारिश का पानी भर गया। तेज बारिश के चलते पानी निकासी के सभी इंतजाम फेल नजर आए। शहर, गांव, खेत हर जगह बारिश का पानी ही पानी नजर आ रहा था। उचाना के बीच से गुजर रहा नेशनल हाईवे बरसात के पानी के कारण तालाब नजर आ रहा था। काकड़ोद, छातर, बुडायन, भौंगरा, घसो, करसिंधु समेत ऐसा कोई गांव नहीं जहां, खेतों में बारिश का पानी नहीं भरा हो। कई गांवों में तो खेतों से पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर भर गया। लितानी रोड, रेलवे रोड, डाकघर रोड, पुरानी अनाज मंडी, राजेंद्रा कालोनी में बारिश का पानी दुकानों, मकानों में भर गया। अनाज मंडी का महाराज अग्रसेन चौक की तरफ का गेट बंद करना पड़ा तो पुलिस चौकी की तरफ गेट के पास रेहड़ी दुकानदारों ने खड़ी कर दी ताकि मंडी से वाहन नहीं जाए।
सड़क का लेबल ऊंचा होने से भरा प्राइवेट अस्पताल, दुकानों में पानी
नए बस स्टैंड से रेलवे फाटक से आगे तक बने सीसी की सड़क का लेबल काफी जगह दुकानों से ऊंचा होने के चलते दुकानों में पानी भरा। यहां पर राजेंद्र अस्पताल में मरीजों के वार्ड, डॉक्टर के रूम में पानी भर गया। डॉ. राजेंद्र, सुरेश, बलजीत ने कहा कि जब सड़क का निर्माण हो रहा था तो उस समय भी मांग की थी इसका लेबल कम किया जाए। लेबल कम बार-बार मांग के बाद भी नहीं किया गया। अब बारिश के बाद पानी दुकानों, अस्पताल में भर गया। सीवरेज ओवर फ्लो होने के बाद गंदा पानी घरों में भर गया। घरों का सामान पानी में तैरता नजर आया। एसडीएम डॉ. राजेश खोथ स्वयं भी पानी निकासी के प्रबंधों के बारे में जानकारी लेते रहे।