हरियाणा के भिवानी में नशे की हालत में आपा खोकर अपनों को मार रिश्तों का खून बहा दिया। शराब के नशे ने पलभर में हंसते खेलते परिवार को उजाड़ा तो बुढ़ापे में एक दंपती को उम्र भर का दर्द मिल गया। शराब की वजह से एक परिवार ऐसा उजड़ा कि उसकी दास्तां सुनकर हर कोई सिहर उठा। तोशाम क्षेत्र के गांव गारनपुरा में 72 वर्षीय बुजुर्ग महासिंह ने लकवा ग्रस्त होने की वजह से कई साल पहले बिस्तर पकड़ लिया था। उसके तीन बेटे ही उसकी जिम्मेदारियों को उठा रहे थे, लेकिन शराब ने उनकी हंसती खेलती गृहस्थी को ऐसा डसा कि पलभर में ही बेबस और लाचार आंखों के सामने सब टूटकर बिखर गया।
बूढ़ी आंखों ने जवान बेटे और पुत्रवधू को हमेशा के लिए खो दिया वहीं दो बेटों को अपनों का खून बहाने के जुर्म में अब जेल जाना पड़ेगा। महासिंह और उनकी 65 वर्षीय पत्नी मरमण उम्र के आखिरी पड़ाव में अपने ही हाल पर आ गए। अब ये दोनों अपनी फूटी किस्मत को कोसे या नशे की लत में फंसे दोनों बेटों की दरिंदगी पर आंसू बहाएं, जिन्होंने अपनों का खून बहाते समय जरा भी नहीं सोचा।
गांव गारनपुरा में दो सगे भाइयों सुरेश और रोहताश ने अपने ही बड़े भाई राजेंद्र और राजेंद्र की पत्नी काजल के हाथ बांधकर बुधवार देर रात को चटनी कूटने वाले सोटे से सिर व चेहरे पर वार कर निर्मम हत्या कर दी थी। नशे में सुरेश और रोहताश इतने निर्दयी हो गए कि भाई और भाभी को आंखों के सामने तड़पता देखकर भी तरस नहीं आया और उन्हें कमरे में बंद कर दिया।
पड़ोसियों को जब तक इस वारदात की भनक लगी, तब तक काफी देर हो चुकी थी। खून से लथपथ काजल को कमरे से बाहर निकाला, तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। वहीं, घायल राजेंद्र ने अस्पताल पहुंचते ही प्राण त्याग दिए। वारदात की चश्मदीद राजेंद्र की मां मरमण ने तोशाम पुलिस थाने में दोनों बेटों सुरेश व रोहताश द्वारा बेटे राजेंद्र व पुत्रवधू काजल की हत्या की शिकायत दी। पुलिस ने दोनों आरोपी बेटों के खिलाफ मां की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया।