विजयदशमी के मौके पर गोरखनाथ मंदिर से गोरक्षपीठाधीश्वर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भव्य शोभायात्रा ढोल-नगाड़े और तुरही की धुन के बीच धूमधाम से निकली। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार की शाम गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुली जीप में बने रथ पर सवार होकर इस शोभायात्रा की अगुवाई किया।
परंपरा के अनुसार, विजयादशमी के दिन गुरु गोरक्षनाथ के पूजन-अर्चन के बाद शाम 4 बजे गोरखनाथ मंदिर से गोरक्षपीठाधीश्वर की शोभायात्रा निकाली जो सीधे मानसरोवर मंदिर पहुंची। यहां गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरक्षपीठ से जुड़े मानसरोवर मंदिर पर महादेव की पूजा अर्चना किया। इसके बाद उनकी शोभायात्रा मानसरोवर रामलीला मैदान पहुंची। यहां चल रही रामलीला में उन्होंने प्रभु श्रीराम का राजतिलक किया। साथ ही प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण व हनुमानजी का पूजन कर आरती भी उतारा।