उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (यूपी बोर्ड) की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद बच्चों की सफलता का जश्न स्कूल, घर से लेकर सोशल मीडिया तक मना। अभिभावकों और शिक्षकों ने बच्चों का मुंह मीठा कराया। बच्चों ने साथियों के साथ हिप हिप हुर्रे... बोलकर खुशी का इजहार किया।
दोपहर दो बजे हाईस्कूल का परिणाम घोषित तो विद्यार्थियों ने ईश्वर को याद करते हुए अपने मोबाइल, लैपटॉप और साइबर कैफे का रुख किया। तीन बजे तक काफी हद तक मेधावियों की सूची जारी हो गई। नंबर देखने के बाद विद्यार्थी अपने विद्यालयों में पहुंचे और सहपाठियों के साथ सफलता का जश्न मनाया। सेल्फी ली, ग्रुप फोटो कराई, शिक्षकों और प्रधानाचार्य से आशीर्वाद लेकर घर रवाना हुए। कुछ ऐसा ही सिलसिला शाम चार बजे के बाद इंटर का परिणाम घोषित होने के बाद भी नजर आया। देर रात तक रिश्तेदारों और शुभचिंतकों के बधाई देने का सिलसिला जारी रहा।
विज्ञापन
2 of 7
gorakhpur topper: आकाश निषाद।
- फोटो : अमर उजाला।
चाट का ठेला लगाने वाले के बेटे ने किया जिला टॉप
यूपी बोर्ड की परीक्षा में चाट का ठेला लगाने वाले कन्हैया निषाद के बेटे आकाश निषाद ने हाईस्कूल की परीक्षा में 93.83 फीसदी अंक हासिल कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। पांच भाई बहनों में सबसे छोटे आकाश के हाईस्कूल परीक्षा में सर्वाधिक अंक हासिल करने की सूचना पिता कन्हैया निषाद और मां मीरा देवी को मिली तो दोनों की आंखें खुशी के आंसुओं से छलक उठीं।
खुद को संभालते हुए बेटे को आशीर्वाद दिया और कहा कि हमारा बेटा सही मायने में कुल दीपक है। अमर उजाला से बातचीत में आकाश ने बताया कि वह आईएएस अफसर बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं। चौरीचौरा के चौरागांव के रहने वाले आकाश गंगा प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज के छात्र हैं। आकाश सोशल मीडिया पर नहीं हैं। बचपन से पढ़ाई में होनहार आकाश को पिता ने पढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया। विषम हालात में भी खुद भूखे सोए मगर कभी बेटे की पढ़ाई में कोई बाधा नहीं आने दी। कभी मदद के लिए ठेले पर नहीं बुलाया।
सफलता का मंत्र
स्वाध्याय किया। ऑनलाइन क्लास का लाभ लिया। रोजाना चार से पांच घंटे की पढ़ाई की। पूरे कोर्स को कई हिस्सों में बांट कर पढ़ा। ज्यादा से ज्यादा रिवीजन करने का लाभ मिला।
आकाश के नाम से होगी सड़क
चौरीचौरा। आकाश की उपलब्धि की सूचना पर विधायक ई. सरवन निषाद ने फोन कर उन्हें बधाई दी। विधायक ने आकाश को पुरस्कृत करने के साथ एक सड़क का नाम उनके नाम से रखने का भी एलान किया। संवाद
नाम: आकाश निषाद
पिता का नाम: कन्हैया निषाद
मां: मीरा देवी
भाई: रमेश, सतीश और विकास
बहन: परी
लक्ष्य: आईएएस अफसर बनना
हाईस्कूल : 93.83 फीसदी
पसंद: किताबें पढ़ना
मान्या सिंह : हाईस्कूल की परीक्षा में जिले में दूसरा स्थान (93.5 फीसदी)
हाईस्कूल की परीक्षा में जिले में दूसरा स्थान हासिल करने वाली कार्मल गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा मान्या सिंह ने बताया कि कक्षा दो में पढ़ती थी तो एक बार नीली बत्ती लगी गाड़ी में डीएम सर को जाते देखा था। तब से डीएम बनने की हसरत है। थोड़ी बड़ी हुई तो पता चला की उसके लिए यूपीएससी की परीक्षा उर्त्तीण करनी होती है। सातवीं क्लास से ही इसे लक्ष्य बना लिया है। आगे चलकर आईएएस अफसर बनना है। सहारा स्टेट में रहने वाली मान्या के पिता बलरामपुर डिग्री कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। मां, खजनी स्थित उच्च प्राथमिक स्कूल में शिक्षिका हैं।
नाम : मान्या सिंह
पिता : डॉ. भानु प्रताप सिंह
मां : रंजना सिंह
हाईस्कूल : 93.5 फीसदी
लक्ष्य : आईएएस अफसर
शौक : किताबें पढ़ना
शौर्य चौरसिया : हाईस्कूल की परीक्षा में जिले में तीसरा स्थान (92.67 फीसदी)
एमजी इंटर कॉलेज के छात्र शौर्य चौरसिया ने हाईस्कूल की परीक्षा में जिले में तीसरा स्थान प्राप्त कर परिजनों के साथ ही विद्यालय का भी नाम रौशन किया है। शौर्य को 92.67 फीसदी अंक प्राप्त हुए हैं। शौर्य ने बताया कि उन्हें विश्वास था कि परिणाम अच्छा आएगा और हुआ भी ऐसा ही। बताया कि भविष्य में उनका लक्ष्य सिविल सेवा में चयनित होकर देश की सेवा करना है। शौर्य का कहना है कि स्कूल के बाद घर पर प्रतिदिन चार घंटे पढ़ाई की। कोचिंग का सहयोग नहीं लिया। शिक्षक पिता के साथ ही स्कूल के शिक्षकों का भी पढ़ाई में पूरा सहयोग मिला। सोशल मीडिया से भी दूरी बनाई रखी।
gorakhpur topper: कृष्ण प्रिया मिश्रा।
- फोटो : अमर उजाला।
कृष्ण प्रिया मिश्रा: इंटरमीडिएट की परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान (89.8 फीसदी)
यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट की परीक्षा में कृष्ण प्रिया मिश्रा (89.8 फीसदी) जिला टॉपर बनी हैं। विषम परिस्थितियों में भी इस बेटी ने अपनी मेहनत से कामयाबी की इबारत लिखी है। कृष्ण प्रिया के पिता सुकई प्रसाद एक किसान हैं और मां अष्टभुजा मिश्रा गृहिणी हैं।
कैंपियरंगज ब्लॉक के बरगदही गांव की कृष्ण प्रिया श्रीमती परमापट देवी इंटर कॉलेज मछलीगांव की छात्रा हैं। वो आगे चलकर सिविल सर्विसेज की तैयारी करना चाहती हैं। उनके बड़े भाई राजीव रतन मिश्रा भी यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। सेल्फ स्टडी से ही कृष्ण प्रिया ने ये सफलता हासिल की है। इसके साथ ही कक्षा में भी रोजाना उपस्थित रही हैं। बताया कि प्रधानाचार्य सुजीत कुमार चौधरी ने हमेशा मार्गदर्शन किया।
सफलता का मंत्र
कक्षा में नियमित उपस्थिति रही। कोचिंग नहीं किया। स्वाध्याय से सफलता मिली। रिवीजन पर ज्यादा से ज्यादा फोकस रहा।
नाम: कृष्ण प्रिया मिश्रा
पिता: सुकई प्रसाद मिश्रा
मां:अष्टभुजा मिश्रा
भाई: राजीव रतन मिश्रा
इंटरमीडिएट: 89.8 फीसदी
लक्ष्य: यूपीएससी
पसंद: किताबें पढ़ाना, संगीत सुनना
विज्ञापन
6 of 7
Gorakhpur topper: बहन श्रेया पांडेय ने 12वीं में 89 फीसदी अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान, भाई अर्पित पांडेय 92.33 फीसदी अंक हासिल करके 10वीं में पांचवां स्थान प्राप्त किया।
- फोटो : अमर उजाला।
हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में भाई-बहन ने किया कमाल
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में भाई-बहन ने कमाल किया है। श्रेया पांडेय ने जहां 89 फीसदी अंक हासिल कर इंटरमीडिएट की परीक्षा में जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है, वहीं, भाई अर्पित पांडेय 92.33 फीसदी अंक हासिल करके हाईस्कूल में पांचवां स्थान प्राप्त किया है।
भाई-बहन की सफलता से परिवार गदगद है। अच्छे परिणाम से उत्साहित अर्पित का सपना आईएएस अफसर बनना है। श्रेया आगे चलकर आईपीएस अफसर बनना चाहती हैं। दोनों बेलीपार क्षेत्र के मलांव गांव स्थित सांकृत्यायन इंटर कॉलेज में पढ़ते हैं। पिता रूद्र प्रताप पांडेय किसान हैं। घर पर रहकर खेती करते हैं।
मां सरिता देवी गृहणी है। पांच-भाई बहनों में सबसे बड़ी अर्पिता पांडेय पॉलीटेक्निक प्रवेश की तैयारी कर रही हैं। पूर्णिमा, डीडीयूजीयू में एलएलबी की छात्रा हैं। अंकिता, यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं। प्रधानाचार्य मुरलीधर त्रिपाठी ने बताया कि अर्पित व श्रेया पढ़ने में अच्छे हैं। नियमित स्कूल भी आते हैं। समूचे क्षेत्र का मान बढ़ा है।
इंटर में दूसरा स्थान
नाम: श्रेया पांडेय
पिता: रूद्र प्रताप सिंह
मां: सरिता देवी
इंटरमीडिएट : 89 फीसदी
बहन: अर्पिता पांडेय, पूर्णिमा, अंकिता
भाई: अर्पित पांडेय
लक्ष्य: आईपीएस अफसर
पसंद: किताबें पढ़ाना और गाने सुनना
राहुल सिंह : इंटरमीडिएट की परीक्षा में जिले में तीसरा स्थान (88.8 फीसदी)
गोरखपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र पीपीगंज के रहने वाले किसान सुभाष सिंह के पुत्र राहुल सिंह ने इंटरमीडिएट की परीक्षा में जिले में तीसरा स्थान प्राप्त कर कमाल कर दिया है। शहर के एमजी इंटर कॉलेज के छात्र राहुल को 88.8 फीसदी अंक मिले हैं। राहुल कहते हैं कि उन्होंने सोचा नहीं था कि जिले में तीसरा स्थान मिल जाएगा।
बताया कि उनकी प्रतिदिन की रूटीन में सुबह कोचिंग, स्कूल, स्कूल से आकर क्रिकेट खेलना और फिर शाम को दो से तीन घंटे पढ़ाई करना शामिल था। राहुल ने बताया कि उन्होंने कभी भी पढ़ाई को बोझ नहीं समझा, उसी का नतीजा है की अच्छा परिणाम मिला। सफलता के श्रेय माता-पिता के साथ ही गुरुजनों को दिया। राहुल बीटेक के बाद सिविल सर्विस में जाना चाहते हैं।
नाम: राहुल सिंह
पिता: सुभाष सिंह
बहन: प्रज्ञा सिंह
भाई: विशाल सिंह
इंटरमीडिएट: 88.08 फीसदी
लक्ष्य: सिविल सर्विस
शौक: क्रिकेट खेलना