गोरखपुर जिले के झंगहा के एक परिवार के चार लोगों की हत्या का आरोपी व गैंगस्टर राघवेंद्र यादव पर ढाई लाख रुपये का इनाम है। डॉन श्रीप्रकाश से बढ़ा इनामी होने के बाद भी पुलिस उसे दबोच नहीं पाई। 20 मई 2021 को यूपी के पुलिस महानिदेशक ने ढाई लाख का इनाम घोषित किया था, इसके बाद पुलिस ने जोन के सभी थाने, चौकी पर राघवेंद्र यादव की फोटो लगा दी, लेकिन इसके बाद पुलिस भूल गई। राघवेंद्र के न पकड़े जाने की वजह से पीड़ित परिवार आज भी दहशत में रहता है।
जानकारी के मुताबिक, इनाम के हिसाब से राघवेंद्र गोरखपुर जोन का सबसे बड़ा बदमाश है। इससे ज्यादा इनाम 90 की दशक में अपराध से दहशत फैलाने वाले माफिया श्रीप्रकाश शुक्ला पर भी नहीं था। श्रीप्रकाश शुक्ला पर दो लाख रुपये तक ही इनाम था।
राघवेंद्र 10 अप्रैल 2018 को रिटायर दारोगा जयहिंद यादव और उनके बेटे की गोली मारकर हत्या करने के आरोपों से घिरने के बाद से ही फरार है। राघवेंद्र यादव जोन का अब तक का एकमात्र अपराधी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए ढाई लाख रुपये का पुरस्कार घोषित है। इसे एडीजी की सिफारिश पर डीजीपी ने घोषित किया है।