सिद्धार्थनगर में पीएम मोदी।
- फोटो : अमर उजाला।
पांच दिन में पीएम का दूसरा दौरा, पिछले चुनाव में मिली थी बड़ी जीत
गोरखपुर-बस्ती और आजमगढ़ मंडल में विधानसभा की 41 सीटें हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अकेले 35 सीटें जीती थीं। दो सीटें सहयोगी दलों को मिली थीं। इसका मतलब है कि 41 में 37 सीटों पर भाजपा व उसके सहयोगी दलों की जीत हुई थी। सपा, बसपा व कांग्रेस को कुल चार सीटें मिली थीं। इस लिहाज से पांच दिन के अंदर प्रधानमंत्री का दूसरा दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि कुशीनगर गोरखपुर मंडल का हिस्सा है। भाजपा ने गोरखपुर की नौ में आठ, कुशीनगर की सात में से छह, देवरिया की सात में छह और महराजगंज की पांच में से चार सीटें जीती थीं। प्रधानमंत्री का दूसरा दौरा बस्ती मंडल के सिद्धार्थनगर में हुआ है। 2017 के चुनाव में इस मंडल के तीन जिलों बस्ती, संतकबीरनगर व सिद्धार्थनगर में एक तरफा जीत मिली थी। विपक्ष का सूपड़ा तक साफ हो गया था।
क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा डॉ धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा का मुख्य एजेंडा विकास है। इसी राह पर आगे बढ़ा जा रहा है। माधव प्रसाद त्रिपाठी भाजपा के पहले प्रदेश अध्यक्ष थे। देश व समाज के लिए बहुत कुछ किया है। यूपी में मेडिकल कॉलेज खुले हैं। सबके नाम ऐतिहासिक, धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व को समेटे है। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को बड़ी जीत मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जोड़ी चुनाव प्रचार में जुट गई है। विपक्ष मुद्दाविहीन है। जनता का समर्थन भाजपा को ही मिलेगा।