'महात्मा बुद्ध की पावन धरती सिद्धार्थनगर मा हम आप सभय क प्रणाम करित हैं। महात्मा बुद्ध जौने धरती पर आपन पहिले क जीवन बिताए, वहीं धरती पर आज प्रदेश के नौ मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन है। स्वस्थ्य और निरोग भारत क सपना पूरा करे बदे ई एक बड़ा कदम है, आप सबके बधाई!' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिद्धार्थनगर में बीएसए ग्राउंड पर आयोजित जनसभा में सोमवार को भोजपुरी/ अवधी भाषा में बधाई दी और मंच पर पहुंचते ही सीधे जनता से जुड़ गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच पर पहुंचे तो पांच पंडालों में लोग खड़े होकर मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। दो मिनट बाद मोदी ने भारत माता की बोले और जनता ने जय कहते हुए स्वर से स्वर मिलकर जवाब दिया। जैसे ही मोदी ने भोजपुरी/ अवधी बोलनी शुरू की तो लगातार नारे लगने लगे और प्रधानमंत्री ने बोलना बंद कर दिया।