टीकाकरण ही कोरोना का सुरक्षा कवच है, यह पुलिसकर्मियों के आंकड़े साबित कर रहे हैं। गोरखपुर जिले में तैनात 5 हजार 262 पुलिस वालों में से 5 हजार 157 को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है और इसमें से महज 67 पुलिसकर्मी ही संक्रमित हुए। उन्हें भी अस्पताल ले जाने की नौबत नहीं आई। सभी ने घर या फिर सरकारी आवास में आइसोलेशन में रहकर खुद को ठीक कर लिया। इस दौरान सिर्फ एक पुलिसकर्मी ने जान गंवाई, उसकी वजह भी किडनी की समस्या सामने आई थी। वर्तमान में 20 पुलिसकर्मी संक्रमित है जो आइसोलेशन में हैं, बाकी सभी 46 ठीक होकर ड्यूटी पर लौट चुके हैं। जबकि पिछले साल पहली लहर में 362 पुलिसकर्मी संक्रमित हुए थे और सभी ठीक हो गए थे लेकिन तकरीबन 100 से ज्यादा को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।