गोरखपुर में अमर उजाला की ओर से शुक्रवार को शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान में आयोजित बाल मेले में पहली बार इतनी संख्या में बच्चे जुटे। शहर के 50 से ज्यादा स्कूलों के करीब 10 से 12 हजार बच्चों की भीड़ उमड़ पड़ी।
बच्चों ने अपने गीत, नृत्य की शानदार प्रस्तुति से सभी को मुरीद बना दिया। बड़ी संख्या में बच्चों ने चार्ट शीट पर जानवरों को देखकर आकर्षक चित्र बनाए। बाल मेला का शुभारंभ सांसद रवि किशन, कमिश्नर अनिल ढींगरा, जीडीए वीसी आनंद वर्द्धन, चिड़ियाघर के निदेशक डॉ. मनोज शुक्ला ने दीप जलाकर किया।
इससे पहले सुबह 10 बजे डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो पूनम टंडन, आरपीएम समूह के चेयरमैन अजय शाही समेत कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी में सामूहिक प्रार्थना सभा से कार्यक्रम की शुरूआत हुई।
मेले में डीएम कृष्णा करुणेश, एसएसपी गौरव ग्रोवर सहित शहर के गई गणमान्य लोग पहुंचे और बच्चों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन भोजपुरी गायक मनोज मिश्रा मिहिर ने किया।
इस दौरान संस्कृति पब्लिक स्कूल के प्रबंधक संजय जायसवाल, नवल्स एकेडमी समूह के निदेशक डॉ. संजयन त्रिपाठी, एकेदमी ग्लोबल स्कूल के चेयरमैन संजीव आदि मौजूद रहे।