कोविड टीकाकरण में बूथों पर उम्र की बाधा खत्म करने का असर अब दिखने लगा है। किसी भी बूथ पर अब कोई भी टीका लगवा सकता है। उस पर क्लस्टर एरिया में हो रहे टीकाकरण ने विभाग को संजीवनी दे दी है। मंगलवार को अब तक हुए टीकाकरण के सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं। लक्ष्य के सापेक्ष 135 फीसदी लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। 28105 लोगों ने टीका लगवा कर सोमवार के 26987 का रिकॉर्ड तोड़ा है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को 155 से अधिक बूथों पर 28105 लोगों ने कोविड का टीका लगवाया। इनमें 26547 को पहली डोज और 1558 को दूसरी डोज लगाई गई। खास बात यह रही कि 100 से अधिक बूथ केवल क्लस्टर एरिया में बनाए गए थे। क्लस्टर एरिया में लोगों में टीकाकरण को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि सात ब्लॉकों में सबसे अधिक टीकाकरण हुआ है। ब्लॉकों की बात करें तो सबसे अधिक जंगल कौड़िया में 3284 ने कोविड का टीका लगवाया है जबकि दूसरे नंबर पर खजनी ब्लॉक के लोग रहे हैं। यहां पर 3222 लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई गई है।