कोरोना संक्रमण की रफ्तार कुछ कम हुई है। रविवार को केवल 105 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें तीन डॉक्टर, छह मासूम शामिल हैं। राहत की बात यह है कि स्वस्थ होने वालों की संख्या संक्रमितों की संख्या से दोगुनी से भी अधिक रही है। 265 लोगों ने कोरोना को मात दी है। इसके बाद से जिले में एक्टिव केस 1314 रह गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, संक्रमितों में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के दो डॉक्टर और छात्र व सीएचसी भटहट के एक डॉक्टर शामिल हैं। वहीं, रेलवे स्टेशन पर हुई जांच में आठ लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनके अलावा बांसगांव में दो साल का मासूम, बीआरडी मेडिकल कॉलेज कैंपस में पांच साल की एक बच्ची, जंगल कौड़िया का तीन साल का एक बच्चा, बंसतपुर में एक ही परिवार के दो लोग, जेल में एक, बैरवा में एक साल का मासूम, हजारीपुर में आठ साल का एक बच्चा, फातिमा हॉस्पिटल में तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।