दूरदर्शन चैनल के तमाम चर्चित धारावाहिकों में से एक रहा है, धारावाहिक ‘निर्मला’। मुंशी प्रेमचंद के लिए इसी नाम के उपन्यास पर बना ये धारावाहिक कहानी है एक ऐसी युवती की जिसका ब्याह एक उम्रदराज व्यक्ति से होता है और जिसका पति अपने पहली पत्नी से हुए बेटे के साथ अपनी दूसरी पत्नी के अवैध संबंध होने का शक करता है। इस धारावाहिक में निर्मला का रोल करने वाली अभिनेत्री अनन्या खरे अब टेलीविजन पर वाकई एक विलेन के किरदार में लौट रही हैं। अपने अभिनय के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुकीं अनन्या खरे की छोटे परदे पर वापसी धारावाहिक ‘लक्ष्मी घर आई’ धारावाहिक से होने जा रही है।
शाकुंतलम टेलीफिल्म्स के नए धारावाहिक ‘लक्ष्मी घर आई’ की कहानी दहेज की उसी कुप्रथा पर केंद्रित है जिस पर सौ साल पहले प्रेमचंद ने धारावाहिक ‘निर्मला’ लिखा था। अगले महीने शुरू होने जा रहे धारावाहिक ‘लक्ष्मी घर आई’ में मुख्य किरदार अभिनेत्री सिमरन परीन्जा को मिला है। उनके साथ इस शो में अक्षित सुखीजा को कास्ट किया गया है। शो की कहानी सिमरन के किरदार मैथली के चारों तरफ घूमती है। वह देखने में तो बहुत खूबसूरत है लेकिन सामाजिक हालात और दहेज का दबाव उसे परिस्थतियों में घेर लेते हैं। धारावाहिक की कहानी का तत्व है, ‘कैसा होगा बहू का संसार, जो दहेज में लाए सिर्फ प्यार!’