सिद्धार्थ शुक्ला...कल से पहले जब ये नाम जुबान पर आता था तो दिमाग में एक ऐसे अभिनेता की छवि बन जाती थी जो एक मेहनती कलाकार था और अपनी शरारतों के लिए मशहूर था लेकिन आज सिद्धार्थ का नाम लेने से लोगों की आंखों में आंसू आ जा रहे हैं। परिवार स्तब्ध है, मनोरंजन जगत झटके में हैं और करीबी फिर से ऊपरवाले से सवाल पूछ रहे हैं कि इस फैसले की वजह क्या है? 40 साल के सिद्धार्थ ने अपने करियर में बहुत कुछ हासिल कर लिया था और बहुत कुछ हासिल करना बाकी था लेकिन तमाम सपने आंखों में लिए सिद्धार्थ हमेशा के लिए सो गए।
बचपन से लेकर अब तक का सिद्धार्थ शुक्ला का सफर
किसी को भी इस बात का यकीन नहीं हो पा रहा है कि सिद्धार्थ अब इस दुनिया में नहीं हैं। टीवी में एक आदर्श पति का किरदार निभाना हो या असल जिंदगी में एक सच्चे दोस्त का, हर तरह से सिद्धार्थ लोगों के दिलों में बसे हुए थे। उनकी पर्सनालिटी में वो जादू था कि बिग बॉस के घर में भी वो सब पर भारी पड़ गए थे। ये ही वजह थी कि उन्होंने सीजन 13 का खिताब भी अपने नाम कर लिया था। आज आपको ले चलते हैं सिद्धार्थ की यादों में और तस्वीरों के जरिए दिखाते हैं उनके बचपन से लेकर अंतिम वक्त तक का सफर।