फिल्मों की तरह ही भारत में स्पोर्ट्स की एक अलग ही मान्यता है। कॉमनवेल्थ गेम्स से लेकर क्रिकेट के मैच तक हर चीज का लोग पूरा-पूरा आनंद लेते हैं। फिल्म जगत भी हमारे खिलाड़ियों से बहुत ही प्रेरित हैं। भाग मिल्खा भाग से लेकर मेरी कॉम सहित कई फिल्में अब तक खिलाड़ियों की जिंदगी पर बन चुकी हैं। लेकिन इन्ही में से कई खिलाड़ी ऐसे भी हैं जिन्होने खेलकूद के बाद अगर किसी और चीज को अपने प्रोफेशन के रूप में चुना तो वो है अभिनय क्षेत्र। कई खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होने बॉलीवुड और टेलीविजन में अपनी अभिनय कला भी दिखाई। इन्ही कलाकारों में से एक हैं प्रवीण कुमार सोबती।
महाभारत में बने भीम
बीआर चोपड़ा की दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाली महाभारत को कोई भला कैसे भूल सकता है। 90 के दशक के कई ऐसे शोज थे जिन्होने लोगों के दिलों में अपनी एक अलग छाप छोड़ी है। उन्ही शोज में से एक है ‘महाभारत’। इस सीरियल को देखने के लिए भीड़ जमा हो जाती थी। महाभारत का हर किरदार घर-घर में लोकप्रिय था और इन्ही किरदारों में से एक किरदार था ‘गदाधारी भीम’ का। इस किरदार को प्रवीण कुमार सोबती ने निभाया था।