लोकप्रिय धारावाहिक ‘रंजू की बेटियां’ में अब एक नया ड्रामा होने वाला है। धारावाहिक की कहानी अब उस मोड़ पर आ पहुंची है जहां गुड्डू मिश्रा एक बार फिर रंजू से शादी करने की तैयारी में हैं। लेकिन, ललिता की साजिशों का डर अब भी गया नहीं है। मुंबई में इस सीरियल की शूटिंग के दौरान रंजू का रोल निभा रही रीना कपूर बताती हैं, ‘घर मे शादी का माहौल बना हुआ है। रंजू और गुड्डू की दोबारा 20 साल बाद शादी हो रही है, कहने के लिए दूसरी शादी है लेकिन रंजू की नजरों से देखा जाए तो यह पहली शादी है। क्योंकि, 20 साल तक शादीशुदा होने के बावजूद उसे कभी पत्नी का दर्जा नहीं दिया गया। कभी उसके बच्चों के लिए बाप नहीं था, रंजू बच्चों की मां बाप दोनों बनकर रही। बीस साल बाद उसके जीवन में गुड्डू मिश्रा की एंट्री हो रही है तो खुशियों ने दस्तक दे दी है। इसी के साथ उसके दिल में घबराहट है, डर है, मिक्स इमोशंस हैं। उसे शक है कि कहीं गुड्डू मिश्रा कुछ दिनों के लिए उसकी जिंदगी में आएं और फिर वापस न चले जाएं।’