अगले महीने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर बने राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रितों की सूची जब से सार्वजनिक हुई है, इसे लेकर मुंबई फिल्म जगत में तमाम चर्चाएं जारी हैं। जिन लोगों को इस कार्यक्रम के आमंत्रण आए हैं, वह श्रीराम कृपा से अभिभूत हैं। कुछ लोग निमंत्रण न मिलने के बाद व्यग्र भी हैं लेकिन अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करने से बच रहे हैं। लेकिन, रामानंद सागर के धारावाहिक ‘रामायण’ में लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी इसे ज्यादा चित से लगाने की आवश्यकता नहीं समझते। वह कहते हैं, ‘आमंत्रण तो मुझे भी नहीं मिला। हो सकता है आयोजन समिति को रामकथा में लक्ष्मण की प्रासंगिकता समझ न आई हो लेकिन पूरे रामचरित मानस में यही एक चरित्र है जिसने वनवास का निर्देश न होते हुए भी राम के साथ वनगमन किया और अपनी पत्नी से दूर रहते हुए अपनी मां के संकल्प को पूरा किया।’