इसी महीने में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में बॉलीवुड की ड्रीमगर्ल अभिनेत्री हेमा मालिनी और मशहूर गीतकार प्रसून जोशी को इंडियन फिल्म पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इस बारे में गुरुवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने जानकारी दी। 52वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) का आयोजन 20-28 नवंबर के बीच गोवा में किया जाएगा।
पुरस्कार का एलान करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हेमा मालिनी और प्रसून जोशी ने दशकों से हिंदी सिनेमा के क्षेत्र में अपना अहम योगदान दिया है। उनके काम ने कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया है। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने यह भी बताया कि इस साल पहली बार होगा जब ओटीटी प्लेटफॉर्म भी आईएफएफआई में हिस्सा लेंगे। इस पुरस्कार समारोह में अमेरिकन फिल्म मेकर मार्टिन सकोर्सिस और हंगेरियन फिल्म मेकर स्टीफन सिजावे को सत्यजीत रे लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया जाएगा।
IFFI: हेमा मालिनी और प्रसून जोशी को पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर अवॉर्ड, पहली बार ओटीटी प्लेटफॉर्म भी होंगे शामिल