मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा ने अपनी जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया है। कपिल के अंदर ऐसी प्रतिभा है कि उनके मुंह से मजेदार शब्द निकलते ही सब हंस-हंस कर लोट पोट हो जाते हैं। ये ही वजह है कि कपिल शर्मा के फैंस सिर्फ आम जनता ही नहीं बल्कि बॉलीवुड के एक से बढ़कर एक दिग्गज कलाकार भी हैं। पिछले रविवार को टेलीकास्ट हुए 'द कपिल शर्मा शो' के एक एपिसोड में बॉलीवुड एक्ट्रेस नीतू कपूर स्पेशल गेस्ट के तौर पर नजर आईं थीं। शो के दौरान उन्होंने अपने दिवंगत पति ऋषि कपूर को याद करते हुए बताया कैसे उनके एक ट्वीट ने तूफान मचा दिया था। नीतू ने उनके ट्वीट करने की आदतों के बारे में कहा, 'मैं उनसे बहुत नाराज़ हो जाती थी।'
शो इस दौरान नीतू कहती हैं, 'मैंने देखा नहीं था कि ऋषि ने क्या ट्वीट किया था। हम कुछ समय के लिए दूसरे घर में रह रहे थे क्योंकि उनके घर का रेनोवेशन चल रहा था। एक दिन काम देखने के लिए जब मैं अपने कुछ स्टाफ मेंबर्स के साथ कृष्णा राज बंगले में गई तो देखा कि गुस्साई भीड़ मेरे पति के खिलाफ नारे लगा रही है।'