फिल्मी दुनिया में हर दिन कुछ ना कुछ नया देखने या सुनने को मिलता ही रहता है। बीते हफ्ते फिल्म जगत में कई हलचल देखने को मिली। एक ओर जहां पूर्व मिस यूनिवर्स और एक्ट्रेस सुष्मिता सेन ने अपने रिश्ते को लेकर जमकर सुर्खियां बटोरीं तो वहीं इंदिरा गांधी बनीं कंगना रणौत का नया लुक भी चर्चा में रहा है। इसके अलावा सिनेमा और इसके कलाकारों से जुड़ी ऐसी ही कई खबरें हर दिन सामने आई। बीते छह दिनों की हर अपडेट आप तक पहुंचाने के लिए इस रविवार फिर हाजिर है इस हफ्ते का वीकली रैप। आइए कुछ ही मिनट में जानें बीते हफ्ते मजोरंजन जगत में हुई हर कुछ छोटी- बड़ी खबरों के बारे में-
विज्ञापन
2 of 18
ललित मोदी और सुष्मिता सेन
- फोटो : सोशल मीडिया
देश की पहली मिस यूनिवर्स, बॉलीवुड अभिनेत्री सुष्मिता सेन और आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) के पूर्व अध्यक्ष और कमिश्नर ललित मोदी एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। यह जानकारी खुद ललित मोदी ने ट्विटर पर दी। साथ ही, सुष्मिता सेन के उनके साथ फोटो भी साझा किए। ललित मोदी ने पहले एक ट्वीट किया, जिसमें सुष्मिता सेन को 'माय बेटरहाफ' बताया। जिसके बाद कयास लगाए गए कि दोनों ने शादी कर ली है।
फेमस यूट्यूबर गौरव तनेजा उर्फ फ्लाइंग बीस्ट को जमानत मिल गई है। यूट्यूबर को कुछ नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गौरव तनेजा अपनी पत्नी के साथ नोएडा के सेक्टर 51 मेट्रो स्टेशन पर जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। इस दौरान वहां उनके सैकड़ों फैंस भी पहुंच गए, जिस वजह से भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई थी। पुलिस में मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और गौरव तनेजा को गिरफ्तार कर लिया था।
नागार्जुन साउथ इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता हैं। एक्शन से भरपूर उनकी फिल्मों का फैंस बेसब्री से इंतजार करते हैं। नागार्जुन की साउथ फिल्मों के हिंदी डब को भी खूब पसंद किया जाता है और ऐसे में नागार्जुन अपने फैंस के लिए एक धमाकेदार फिल्म लेकर आ रहे हैं, जिसका नाम 'द घोस्ट' है। इस फिल्म का टीजर रिलीज हो गया है और आते ही फिल्म के टीजर ने फैंस के बीच धमाल मचा दिया। टीजर में साउथ अभिनेता के अंदाज और एक्शन सीन्स की झलक को देख दर्शक एक्साइडेट हो गए हैं।
यौन उत्पीड़न मामले में फंसे मलयालम अभिनेता दिलीप की मुश्किलें लगातार बढ़ने के बाद इस हफ्ते उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई। पहली बार इस केस में अभिनेता दिलीप के पक्ष में कोई बोलता नजर आया। जी हां, पूर्व डीजीपी आर श्रीलेखा आईपीएस ने अभिनेता दिलीप से जुड़े मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया है कि ऐसा कोई वैध सबूत नहीं है, जो साबित करे कि अभिनेता दिलीप साल 2017 में हुए मलयालम अभिनेत्री के यौन उत्पीड़न मामले में दोषी हैं।
निर्देशक लीना मणिमेकलाई बीते कई समय से अपनी डॉक्युमेंट्री 'काली' की वजह से विवादों में हैं। इस डॉक्युमेंट्री में लीना ने 'मां काली' की ऐसी छवि दिखाई गई थी, जो किसी को बर्दाश्त नहीं हुई। इसी वजह वह कानूनी पचड़े में भी फंस गई हैं। लीना के खिलाफ कई राज्यों में एफआईआर दर्ज हुई और अब इस मामले में बीते हफ्ते दिल्ली की एक अदालत ने लीना के लिए समन भी जारी कर दिया है।
साउथ अभिनेत्री सामंथा रूथ प्रभु की 'यशोदा' की रिलीज पोस्टपोन हो गई है। बता दें कि पहले 'यशोदा' अक्षय कुमार और आमिर खान की फिल्म के साथ सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी। जी हां, एक तरफ जहां अक्षय कुमार-भूमि पेडनेकर अभिनीत 'रक्षा बंधन' और आमिर खान-करीना कपूर खान की 'लाल सिंह चड्ढा' 11 अगस्त को सिनेमाघरों में आने वाली है। वहीं, दूसरी तरफ सामंथा रूथ प्रभु की फिल्म 12 अगस्त को रिलीज होने के लिए तैयारी थी। हालांकि अब मेकर्स ने इसे पोस्टपोन करने का निर्णय लिया है।
बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम अपनी अपकमिंग फिल्मों को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इन दिनों वह फिल्म 'एक विलेन रिटर्न्स' का प्रमोशन कर रहे हैं, जिसमें उनके साथ अर्जुन कपूर, तारा सुतारिया और दिशा पाटनी नजर आएंगी। वहीं, अब जॉन अब्राहम ने अपनी अगली फिल्म की तैयारी भी शुरू कर दी। जॉन एक्शन थ्रिलर फिल्म 'तेहरान' में दिखाई देंगे। उन्होंने इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी और अब इस फिल्म से जॉन का पहला लुक भी सामने आ गया है।
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को क्रूज ड्रग्स मामले में एनसीबी से क्लीन चिट मिलने के बाद एक और बड़ी राहत मिल गई है। मुंबई की एक विशेष अदालत ने आर्यन की वह याचिका मंजूर कर ली है, जिसमें उन्होंने अपना पासपोर्ट वापस करने का अनुरोध किया था। विशेष अदालत ने कोर्ट रजिस्ट्री को आर्यन खान का पासपोर्ट वापस करने का निर्देश दिया है। साथ ही आर्यन को विदेश यात्रा की अनुमति भी मिल गई है। बता दें कि अभिनेता के बेटे का पासपोर्ट ड्रग्स मामले में अदालत में पेश किया गया था।
बीते हफ्ते दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से एक बड़ी खबर सामने आई। यहां के कन्नड़ एक्टर शिवरंजन बोलानवर पर जानलेवा हमला हुआ है। यह हमला उनके घर के बाहर हुआ। जानकारी के मुताबिक अज्ञात हमलावर गोलियां बरसा कर फरार हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हमले में एक्टर बाल-बाल बच गए।
बॉलीवुड एक्ट्रेस और अभिनेता सुनील शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी इन दिनों अपनी शादी की खबरों को लेकर काफी चर्चाओं में हैं। बीते दिनों से सामने आ रही कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि अभिनेत्री जल्द ही क्रिकेटर के एल राहुल के साथ शादी करने वाली है। दोनों बीते कई समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब इनकी शादी की खबरों ने इस तरह सुर्खियां बटोरी हो। लेकिन इन बारे में ना ही अथिया ने और ना ही राहुल ने कभी आधिकारिक या सार्वजनिक तौर पर कोई जानकारी दी।
रिया चक्रवर्ती, सुशांत सिंह राजपूत
- फोटो : Instagram
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े ड्रग्स मामले में बड़ा खुलासा किया है। जी हां, एनसीबी ने दावा किया है कि सुशांत सिंह राजपूत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती ने अपने भाई शोविक समेत अन्य आरोपियों से कई बार गांजा खरीदकर अभिनेता सुशांत सिंह को दिया था। बता दें कि एनसीबी ने हाल ही में एनडीपीएस कोर्ट में सुशांत मौत मामले में 35 आरोपियों के खिलाफ मसौदा आरोप दाखिल किया था, जिसकी सुनवाई मंगलवार को हुई।
पंजाब की पटियाला पुलिस ने गायक दलेर मेहंदी को गिरफ्तार किया है। उन पर यह कार्रवाई 19 साल पुराने मामले में हुई है। बता दें कि पंजाबी गायक पर वर्ष 2003 में कबूतरबाजी का केस दर्ज हुआ था। साल 2018 में पटियाला की कोर्ट ने उन्हें दो साल की सजा सुनाई थी। सजा को रद्द करने की अपील दलेर मेहंदी ने की थी। मगर पटियाला के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने याचिका को रद्द कर दिया और सजा को बरकरार रखा। इसके बाद गायक को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया। वैसे यह पहला मामला नहीं है, जब दलेर मेहंदी किसी कानूनी लड़ाई में फंसे हैं। इससे पहले भी वह कभी किसी कानूनी पचड़े तो कभी किसी कॉन्ट्रोवर्सी को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। आइए जानते हैं उनसे जुड़े तीन विवाद...
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत इन दिनों अपनी अगली फिल्म 'इमरजेंसी' की जोर-शोर से तैयारी कर रही हैं। फिल्म के टाइटल से ही साफ है कि इसकी कहानी में देश की सबसे बड़ी राजनीतिक घटना 'इमरजेंसी' को काफी करीब से छूने की कोशिश होगी। कंगना इस फिल्म में दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभा रही हैं और अब इस फिल्म का फर्स्ट लुक भी सामने आ गया है। इंदिरा गांधी के रूप में कंगना काफी आकर्षित लग रही हैं।
मनोरंजन जगत से शुक्रवार को एक दुखद खबर सामने आई है। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता-निर्देशक प्रताप पोथेन का निधन हो गया है। अभिनेता ने 69 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक एक्टर अपने फ्लैट पर मृत पाए गए। प्रताप पोथेन के अचानक यूं चले जाने से हर कोई स्तब्ध है। इस खबर के सामने आते ही उनके प्रशंसक और दोस्त सदमे में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अभिनेता का शव शुक्रवार यानी 15 जुलाई का उनके घर पर पाया गया है।
फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा अपने विवादित ट्वीट के चलते मुश्किलों में फंसते जा रहे हैं। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का कार्यकर्ता होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति ने फिल्म निर्माता के खिलाफ मुंबई की एक अदालत का दरवाजा खटखटाया है। व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि राम गोपाल वर्मा ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की थी।
आलिया भट्ट और रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन करण जौहर कर रहे हैं और करण लगातार अपनी इस फिल्म के बारे में जानकारी देते रहते हैं। ऐसे में फैंस के बीच भी इस फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट बनी हुई है। लेकिन अब फैंस के लिए एक बुरी खबर आई है। आलिया और रणवीर की यह फिल्म 10 फरवरी 2023 को रिलीज होने वाली थी लेकिन अब फिल्म की रिलीज डेट को बदल दिया गया है।
बॉलीवुड के जाने माने फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री फिल्मों के अलावा अपने बेबाक अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में एक्टिविस्ट तीस्ता सीतलवाड़ पर एसआईटी की ओर से किए गए सनसनीखेज खुलासे के बाद उनका गुस्सा फूट पड़ा है। इस मु्द्दे पर उन्होंने ट्वीट के जरिए बॉलीवुड पर निशाना साधा है। डायरेक्टर ने इस मुद्दे को शाहीन बाग और किसान आंदोलन से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर फिल्मी सितारों पर तीखे वार किए हैं।