मेगा स्टार अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘शराबी’ का एक मशहूर गाना है, ‘जहां चार यार मिल जाएं वही रात हो गुलजार, जहां चार यार...।’ कभी अपनी यारबाज़ी के लिए मुंबई फिल्म जगत में खूब चर्चित रहे अमिताभ बच्चन अपने पुराने चार यारों के साथ जल्द ही एक नई फिल्म में दिखने वाले हैं। फिल्म के निर्देशक हैं सूरज बड़जात्या। जी हां, सूरज बड़जात्या ने एक बार फिर अपने करीबी दोस्त सलमान खान के बगैर अपनी हिंदी फिल्म शुरू की है। इस बार उनकी कहानी है चार दोस्तों की और फिल्म का नाम है, ‘ऊंचाई’। फिल्म की शूटिंग वह हिमालय के दुर्गम क्षेत्रों में करने का इरादा रखते हैं। फिल्म की करीब पांच सौ लोगों की यूनिट इसके लिए नेपाल पहुंच चुकी है। इस फिल्म से राजश्री के बैनर तले ही बतौर हीरोइन लॉन्च हुईं अभिनेत्री सारिका की भी बड़े परदे पर लंबे अरसे बाद वापसी हो रही है। फिल्म में परिणीति चोपड़ा भी एक खास किरदार में हैं।