'स्त्री 2' बॉक्स ऑफिस पर कमाई के कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। साथ ही वीकडेज पर भी अच्छी खासी कमाई करती नजर आ रही है। फिल्म के निर्माता, निर्देशक और स्टारकास्ट इसकी सफलता का जश्न मना रहे हैं। हालांकि, जहां सक्सेस क्रेडिट की बात आती है तो वह सबसे ज्यादा श्रद्धा कपूर को मिल रहा है। फिल्म में श्रद्धा की स्क्रीन टाइम भी कम रही है। ऐसे में बीते दिन बिट्टू का किरदार निभाने वाले अभिनेता अपारशक्ति खुराना के बयान ने हर किसी को चौंका दिया। अपारशक्ति खुराना ने कहा, 'मैं इस पर कुछ नहीं बोलूंगा, क्योंकि बात खुलेगी तो दूर तक जाएगी। मैं कुछ बोलना नहीं चाहूंगा, ऑडियंस जो कहे वो सही है।' वहीं, अब इस क्रेडिट वॉर पर निर्देशक अमर कौशिक ने चुप्पी तोड़ी है। साथ ही अपने बयान से मामले को ठंडा करने की कोशिश करते नजर आए हैं।