हिंदी सिनेमा में ऐसी कई अभिनेत्रियां हैं, जो अपने बूते फिल्में हिट कराना जानती हैं। गुजरे जमाने में भी ऐसी कई अदाकारा रही हैं। आज हम जिनके बारे में बात करने जा रहे हैं, उन्होंने ना सिर्फ अपने दम पर फिल्मों की नैया पार लगा दी। बल्कि उनके बोल्ड अवतार और फिल्मों में उनके अभिनय को देखते हुए लोगों ने उन्हें एक अलग नाम दे दिया था। आज हम बात कर रहे हैं अभिनेत्री विजयलक्ष्मी के बारे में। अब आप सोच रहे होंगे कि ये अदाकारा कौन थीं। तो आपने सिल्क स्मिता का नाम जरूर सुना होगा। विजयलक्ष्मी को लोग सिल्क स्मिता कहने लगे थे। अगर आप अब भी इस नाम से अपरिचित है तो फिल्म 'डर्टी पिक्चर' में अभिनेत्री विद्या बालन ने जिसका किरदार निभाया था, हम उनकी ही बात कर रहे हैं और वो थीं सिल्क स्मिता।
सिल्क स्मिता
विजयलक्ष्मी के चाहने वालों का सैलाब तब आया जब फिल्मों में इन्हें नाम मिला, सिल्क स्मिता। 2 दिसंबर 1960 को जन्मी सिल्क ने मात्र 17 साल के अपने फिल्मी करियर में ही साढ़े चार सौ से ज्यादा फिल्मों में काम करके तहलका मचा दिया। लेकिन अफसोस 23 सितंबर, 1996 में अपने घर में वह पंखे से लटकी हुई पाई गईं। सिल्क की जिंदगी पर वैसे तो तीन फिल्में बन चुकी हैं, लेकिन इस अभिनेत्री के बारे में अब भी जो आप नहीं जानते वो हम बताने जा रहे हैं।