फिल्म ‘मैदान’ की सीधे ओटीटी पर रिलीज को लेकर पेंच अटक गया है। उधर, शिल्पा शेट्टी की बड़ी परदे पर बरसों बाद वापसी पर भी पानी फिरता दिख रहा है। खबर है कि उनकी फिल्म ‘हंगामा 2’ सीधे ओटीटी पर रिलीज हो सकती है। इस बीच यशराज फिल्म्स ने अपनी एक फिल्म चुपचाप ओटीटी पर गुरुवार को उतार दी। नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म ‘सरदार का ग्रांडसन’ को पारिवारिक दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। फिल्म सोशल मीडिया पर भी खूब ट्रेंड कर रही है। फिल्म के कलाकारों नीना गुप्ता और अर्जुन कपूर के बीच रिश्तों की गर्माहट का ही असर है कि अर्जुन कपूर की फिल्म ‘संदीप और पिंकी फरार’ भी गुरुवार को इसी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दी गई। ये फिल्म इसी साल कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर आने से पहले सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और फ्लॉप हो गई थी। गुरुवार को ही एक अहम सूचना अजय देवगन की फिल्म ‘मैदान’ को लेकर भी सामने आई।