फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुणे में शुरू होने जा रही शाहरुख की अगली फिल्म की शूटिंग, वायकॉम 18 के साथ न देने पर बोले ‘एकला चलो’

Thu, 02 Sep 2021 09:57 AM IST
अपूर्वा राय अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 6
शाहरुख खान - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म प्रोडक्शन कंपनी वायकॉम 18 के साथ सौदा न पट पाने के बाद अभिनेता शाहरुख खान ने अपनी बहुचर्चित डबल रोल वाली फिल्म खुद प्रोड्यूस करने का फैसला किया है। इस फिल्म के वितरण व अन्य अधिकारों पर उनकी कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट अब फिल्म की शूटिंग शुरू होने के बाद ही आगे की बातचीत करेगी। शाहरुख खान स्टारर आखिरी रिलीज फिल्म ‘जीरो’ रही है जो तीन साल पहले रिलीज हुई थी और इसे रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने निर्माता निर्देशक आनंद एल राय की कंपनी कलर येलो प्रोडक्शंस के साथ मिलकर बनाया था। शाहरुख खान के डबल रोल वाली फिल्म के निर्देशक एटली हैं और इसकी शूटिंग पुणे में शुरू होने जा रही है। फिल्म में उनकी हीरोइन नयनतारा हैं और उनके अलावा इस फिल्म में दक्षिण भारतीय सिनेमा के कई अन्य दिग्गज कलाकार भी काम कर रहे हैं। फिल्म को हिंदी के अलावा अन्य मुख्य भारतीय भाषाओं में भी रिलीज करने की तैयारी है।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 6
shah rukh khan - फोटो : instagram/iamsrk
फिल्म ‘जीरो’ के बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित नतीजे हासिल न कर पाने के बाद से शाहरुख खान ने अपनी फिल्मों को लेकर काफी एहतियात बरतनी शुरू की है। ‘जीरो’ से पहले रिलीज हुईं शाहरुख की फिल्में ‘रईस’, ‘जब हैरी मेट सेजल’, ‘डियर जिंदगी’, ‘दिलवाले’, ‘हैप्पी न्यू ईयर’ और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ रही हैं। शाहरुख अब बड़े परदे पर आम इंसानों वाले रोल करने से कतरा रहे हैं। उनके करीबियों का मानना है कि शाहरुख अब सिर्फ उन्हीं निर्देशकों के साथ काम करना चाहते हैं जिनमें उन्हें नए अंदाज के साथ पेश करने की काबिलियत हो। इसी चक्कर में निर्देशक फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ भी अब तक शुरू नहीं हो पाई है।
विज्ञापन

3 of 6
पठान की शूटिंग के दौरान यशराज स्टूडियो में शाहरुख खान - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
शाहरुख खान इन दिनों यशराज फिल्म्स की निर्देशक सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘पठान’ की शूटिंग पूरी करने में जुटे हैं। इसका आखिरी शेड्यूल स्पेन में होना है जिसमें उनके साथ फिल्म की हीरोइन दीपिका पादुकोण भी हिस्सा लेंगी। इस शूटिंग शेड्यूल के लिए रवाना होने से पहले शाहरुख अपनी होम प्रोडक्शन फिल्म की कुछ दिनों की शूटिंग पुणे में शुरू करने जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक इस फिल्म के निर्देशक एटली अपनी टीम के साथ इसके लिए पिछले कई दिनों से पुणे में डेरा जमा चुके हैं।

4 of 6
एटली के साथ शाहरुख खान - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
निर्देशक एटली की ये फिल्म एक्शन थ्रिलर बताई जा रही है जिसमें शाहरुख खान डबल रोल में हैं। एक रोल में वह क्रिमिनल बने हैं और दूसरे में कानून के रखवाले। इससे पहले शाहरुख चार और फिल्मों ‘डुप्लीकेट’, ‘पहेली’, ‘डॉन’ और ‘फैन’ में डबल रोल कर चुके हैं जिनमें से सिर्फ ‘डॉन’ ही बॉक्स ऑफिस पर कामयाब रही है। उनके डबल रोल वाली नई फिल्म को लेकर रेड चिलीज की वायकॉम18 से महीनों से चर्चा चलती रही है और फिल्म के बजट को लेकर अटकी ये बात अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
विज्ञापन

5 of 6
पठान के सेट पर जॉन अब्राहम और सिद्धार्थ आनंद - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
रेड चिलीज प्रबंधन का मानना है कि फिल्म ‘पठान’ की पहली झलक के रिलीज होते ही फिल्म कारोबार में फिर से शाहरुख खान को लेकर भरोसा बढ़ेगा और तब वह अपनी इस एटली निर्देशित फिल्म को लेकर कॉरपोरेट घरानों से बेहतर डील कर पाएंगे। पुणे में शूटिंग शुरू करने के पीछे इरादा यही है कि कुछ दिन की इस शूटिंग के रशेज दिखाकर फिल्म में पैसा लगाने के लिए बड़ी कंपनियों के बीच नए सिरे से होड़ शुरू की जाए। शाहरुख जब स्पेन से अपनी फिल्म ‘पठान’ की शूटिंग पूरी करके लौटेंगे तो इस फिल्म की शूटिंग पूरी करेंगे। एटली की इस फिल्म के अलावा चर्चा ये भी की उन्होंने निर्देशक राजकुमार हीरानी की एक कहानी भी पसंद की है जिसकी शूटिंग अगले साल के मध्य तक शुरू हो सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
नयनतारा - फोटो : Instagram
शाहरुख खान की डबल रोल वाली एटली निर्देशित फिल्म में उनकी हीरोइन साउथ की मशहूर कलाकार नयनतारा होंगी। इनके अलावा सायना मल्होत्रा और सुनील ग्रोवर को भी फिल्म के लिए साइन किया जा चुका है। फिल्म के अहम किरदारों के लिए कुछ और दक्षिण भारतीय कलाकारों को लिए जाने की बात भी चल रही है। ये कलाकार फिल्म के अगले शेड्यूल में शामिल होंगे और फिल्म को अखिल भारतीय स्तर पर हिंदी के इतर अन्य भारतीय भाषाओं में रिलीज करने में मददगार होंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें