सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग के बाद सब्यसाची ने अपना मंगलसूत्र का विज्ञापन वापस ले लिया है। दरअसल मंगलसूत्र के विज्ञापन के लिए सब्यसाची ने अर्ध नग्न मॉडल का उपयोग किया था, जिसके बाद मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मुखर्जी के विज्ञापन पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने सब्यसाची को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, जिसके बाद रविवार देर रात सब्यसाची ने अपना यह विवादित विज्ञापन हटा लिया। अब नरोत्तम मिश्रा ने एक बयान में कहा है कि मेरे पोस्ट के बाद सब्यसाची मुखर्जी ने अपना आपत्तिजनक विज्ञापन वापस ले लिया है। अगर वह ऐसा दोबारा करते हैं तो सीधे कार्रवाई की जाएगी, उन्हें कोई चेतावनी नहीं दी जाएगी। उनसे और उनके जैसे लोगों से हमारी अपील है कि लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं।
बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति बिजनेसमैन राज कुंद्रा सोशल मीडिया से दूर हो गए हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम और ट्विटर अकाउंट को डिलीट कर दिये हैं। गौरतलब है कि राज कुंद्रा इसी साल जुलाई में पोर्न से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किए गए थे। अब उन्होंने इंस्टाग्राम और ट्विटर से दूरी बनाते हुए अपने अकाउंट हटा दिये हैं। जब तक राज कुंद्रा का नाम पोर्न केस में नहीं आया था उस वक्त तक वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे। वह अपने अकाउंट पर शिल्पा शेट्टी के भी वीडियोज शेयर करते रहते थे। इसके अलावा, परिवार के साथ फोटोज भी शेयर किया करते थे। लेकिन पोर्न केस में रिहाई के बाद से वह सोशल मीडिया से दूर हो गये थे। उन्होंने इन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ भी शेयर नहीं किया था। लेकिन अब उन्होंने अपने अकाउंट ही हटा लिये हैं। उन्हें जुलाई में अश्लील सामग्री को फिल्माने और उसके वितरण को लेकर गिरफ्तार किया गया था। उन्हें पोर्नोग्राफी केस का मुख्य साजिशकर्ता बताया गया था। हालांकि, सितंबर को उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई थी।
चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाली हंसिका मोटवानी ने दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार को याद किया। उन्होंने कहा, अभिनेता पुनीत राजकुमार का निधन मेरा पर्सनल लॉस है। हंसिका बॉलीवुड के साथ-साथ साउथ सिनेमा की भी जानी-मानी अभिनेत्री हैं। उन्होंने दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार के साथ फिल्म बिंदास (2008) में अभिनय किया था। यह उनकी पहली कन्नड़ फिल्म थी। हंसिका का कहना है कि उन्हें अभी तक यकीन नहीं हो रहा कि पुनीत राजकुमार नहीं रहे। उनका इस तरह असामयिक निधन मेरे और इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति है। हंसिका मोटवानी ने उन्हें अपना अच्छा दोस्त बताया। इसके अलावा पुनीत राजकुमार के साथ शूटिंग के दिनों को भी याद किया। मोटवानी ने कहा कि जब मैंने उनके साथ अपनी पहली फिल्म की थी उस वक्त मेरी उम्र 19 साल थी।
बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने आर्थर रोड जेल से बाहर आने के बाद सबसे पहले जो काम किया है, उससे उनके फैंस हैरान हैं। 23 साल के आर्यन खान पिछले हफ्ते ही मुंबई की आर्थर रोड जेल से बाहर आये हैं। उन्होंने जेल से बाहर आने के बाद सबसे पहले अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल पिक्चर को डिलीट कर दिया। जिससे उनके फैंस चकित हैं कि आखिर आर्यन ने ऐसा क्यों किया? स्टार-किड आर्यन खान के इंस्टाग्राम पर 1.9 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वह अक्सर अपने इंस्टाग्राम पर एक्टिव रहते हैं, लेकिन जेल में रहने के दौरान उनके अकाउंट पर कोई भी पोस्ट नहीं डाली गई थी और जब वह जेल से बाहर आये तो सबसे पहले अपनी प्रोफाइल पिक्चर को ही डिलीट कर दिया।
बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान और जान्हवी कपूर बहुत अच्छी दोस्त हैं। दोनों को अक्सर साथ-साथ देखा जाता है। अब सारा और जान्हवी की कुछ तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं, जो कि केदारनाथ मंदिर की हैं। जहां सारा अली खान और जान्हवी कपूर पूजा करते हुए दिख रही हैं। दोनों को एक साथ ही केदारनाथ मंदिर में देखा गया है। वैसे तो अक्सर इंस्टाग्राम पर फैंस सारा अली खान और जान्हवी की तस्वीरों को एक-साथ देखते रहते हैं, लेकिन इस बार उनको एक साथ केदारनाथ मंदिर में पूजा करते हुए स्पॉट किया गया है। इन तस्वीरों को सारा और जान्हवी के फैन क्लबों द्वारा पोस्ट किया गया है। तस्वीरों में दोनों को ही केदारनाथ मंदिर में पूजा करते हुए देखा जा सकता है। इन तस्वीरों के कैप्शन में लिखा गया है, 'वाह। इसे संस्कार कहते हैं। आप दोनों बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। भगवान आप दोनों का भला करे!' आगे इन तस्वीरों के कैप्शन में बताया गया है कि सारा और जान्हवी केदारनाथ धाम में हैं।
क्रूज ड्रग्स मामले में करीब एक महीने का समय जेल में बिताने के बाद आर्यन खान की घर वापसी हो चुकी है। आर्यन को क्रूज ड्रग्स छापेमारी के दौरान एनसीबी द्वारा हिरासत में लिया गया था और आठ अक्तूबर से उसे आर्थर रोड जेल में भेज दिया गया था। इस दौरान आर्यन से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबर सामने आ रही थी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो शाहरुख और गौरी आर्यन के घर लौटने से बेहद खुश हैं लेकिन उन्हें उसकी सेहत की चिंता भी है। ऐसे में आर्यन का कई बार हेल्थ चेकअप किया जाएगा। जेल में रहने के दौरान ऐसी खबरें आई थी कि आर्यन ढंग से खाना नहीं खा रहा था ऐसे में आर्यन के खून की जांच करवाने के बाद उसे सही डायट दी जाएगी जिससे उसके शरीर की कमी पूरी हो सके। आर्यन के सिर्फ शरीर की नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ का भी ख्याल रखा जा रहा है। शाहरुख और गौरी चाहते हैं कि जल्द से जल्द आर्यन की थैरेपी शुरू हो ताकि उसने जेल में जो कुछ भी महसूस किया वह उससे उबर सके।
अमिताभ बच्चन के साथ सूर्यवंशी की कास्ट
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
‘कौन बनेगा करोड़पति 13’ के शानदार शुक्रवार स्पेशल एपिसोड के लिए इस बार अक्षय कुमार, कटरीना कैफ और रोहित शेट्टी ने जमकर मस्ती की। इस खास एपीसोड की शूटिंग पूरी हो चुकी है और शूटिंग की कुछ खास तस्वीरें हम यहां आपके लिए लेकर आए हैं। 1 नवंबर से 5 नवंबर तक चलने वाले स्पेशल दिवाली वीक के दौरान दिखाए जाने वाले इस एपोसीड के दौरान सेट को दीयों और रंगोली से खासतौर से सजाया गया है। शो के होस्ट अमिताभ बच्चन अपने खास अंदाज में इस दिवाली उत्सव में अपने प्रशंसकों व दर्शकों को भी शामिल करते दिखेंगे। और, हफ्ते का सबसे खास एपीसोड प्रसारित होगा शुक्रवार को जिसमें अमिताभ बच्चन के साथ ये गेम खेलते नजर आएंगे अक्षय कुमार, कटरीना कैफ और रोहित शेट्टी।
भारतीय अमेरिका अभिनेता काल पेन ने हाल ही में अपनी नई किताब 'यू कांट बी सीरियस' के विमोचन से पहले अपने बारे में बड़ा खुलासा किया है। किताब के विमोचन से पहले एक इंटरव्यू के दौरान काल ने बताया कि वह सैमलैंगिक हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपने साथी जॉश के साथ अपनी सगाई की भी घोषणा कर दी। जॉश और काल 11 सालों से रिलेशनशिप में हैं और अब काल इस बात को छिपाकर नहीं रखना चाहते। अमेरिका में जन्में गुजराती काल ने एक इंटरव्यू में अपनी निजी जिंदगी को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि वह 11 साल से जॉश को डेट कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अक्तूबर के महीने में उनकी 11वीं वर्षगांठ थी। उन्होंने अपनी सेक्सुएलिटी के बारे में बात करते हुए कहा कि, 'दूसरे लोगों की तुलना में मुझे अपने बारे में यह जरा देर बाद समझ में आई। ऐसी बातों की कोई समय सीमा नहीं होती है हर कोई अपने जीवन में ऐसी बातों को अपने समय से समझता है। मुझे खुशी है कि मुझे जब पता चला तो पता चल गया'।
इटर्नल्स के रेड कार्पेट प्रीमियर पर बॉलीवु़ हस्तियों का जलवा
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
मार्वल स्टूडियो की दीवाली एंटरटेनमेंट 'इटर्नल्स' मार्वेल सिनेमैटिक यूनिवर्स की 25वीं फिल्म है। इस फिल्म में 10 नए सुपरहीरो दुनिया के सामने आए हैं जिन्हें पर्दे पर पहले कभी नहीं देखा गया। पांच नवंबर यानि दीवाली के अगले दिन यह फिल्म रिलीज होगी। यह फिल्म अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होगी। हाल ही में एक विशेष रेड कॉर्पेट प्रीमियर आयोजित किया गया था जिसमें बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। कबीर खान, मिनी माथुर, जिम सरभ, कुबरा सैत, विजय वर्मा जैसे कई कलाकार रेड कार्पेट पर अनोखे अंदाज में नजर आए। साथ ही वह फिल्म को लेकर भी काफी उत्साहित दिखे। उनकी तस्वीरे भी खूब पसंद की जा रही हैं। ‘इटर्नल्स’ की रिलीज जैसे जैसे करीब आती जा रही है, इस फिल्म के जरिये एमसीयू से जुड़ने जा रहे किरदारों और कलाकारों दोनों को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ती जा रही है।
बॉलीवुड इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री सुष्मिता सेन के भाई राजीव सेन और उनकी भाभी व एक्ट्रेस चारू असोपा माता-पिता बन गए हैं। जी हां, चारू असोपा ने आज यानी 1 नवंबर 2021 को अपनी क्यूट बेटी को जन्म दिया है और ये गुड न्यूज राजीव ने सोशल मीडिया पर शेयर की है। राजीव ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें पिता बनने की खुशी उनके चेहरे पर साफ नजर आ रही है दरअसल, राजीव सेन ने अपने ऑफिशियल इंटाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जो अस्पताल की है। इन तस्वीरों में वह और चारू अपनी बच्ची पर प्यार लुटाते नजर आ रहे हैं। पहली तस्वीर में राजीव अपनी नन्ही परी को किस करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान बेबी चारू की गोद में है। दूसरी तस्वीर में राजीव अपनी वाइफ चारू के माथे पर किस करते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में मां बनने की खुशी चारू के चेहरे पर झलक रही हैं।