बेंगलुरू आरटीओ ने यूबी सिटी के पास 22 अगस्त की शाम को एक विशेष अभियान शुरू किया था जिसमें उन्होंने करीब 17 कारों को जब्त कर लिया। खास बात ये है कि इन करोड़ो रुपये की कारों में रोल्स रॉयस फैंटम भी शामिल है जो कभी बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन की कार हुआ करती थी। अब ये सभी गाड़ियां सीटी आरटीओ के कब्जे में हैं। हालांकि बाद में ये जानकारी सामने आई की अमिताभ बच्चन से लग्जरी कार खरीदने वाले व्यक्ति ने इस गाड़ी का रजिस्ट्रेशन अपने नाम नहीं करवाया था।
बिग बी के नाम पर रजिस्टर्ड गाड़ी हुई जब्त
ऐसे में अधिकारियों ने गाड़ी के वर्तमान मालिक को जरूरी दस्तावेज पेश करने और गाड़ी को छुड़ाने के लिए कहा है। बता दें कि अलग अलग कारणों से इन गाड़ियों को जब्त किया गया है। जब्त कारों की सूची में रोल्स रॉयस फैंटम, लैंड रोवर रेंज रोवर इवोक, जगुआर एक्सजे एल, फरारी, ऑडी, आर8, पोर्शे और कुछ अन्य शामिल हैं।