पोर्नोग्राफी मामले में फंसे बिजनेसमैन राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद से ही इस केस में आरोप- प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी पर शर्लिन चोपड़ा के तंज कसने पर अब एक्ट्रेस गहना वशिष्ठ शिल्पा के बचाव में सामने आई हैं। गहना ने शर्लिन को फटकार लगाते हुए उनकी इस हरकत को पब्लिसिटी स्टंट बताया। उन्होंने यह तक कहा कि राज कुंद्रा की 'पूजा' करने की बजाय शर्लिन उन पर पोर्न रैकेट चलाने का आरोप लगा रही हैं। गहना के मुताबिक, शर्लिन ने ही राज कुंद्रा को बोल्ड कंटेंट बनाने के लिए घसीटा था।
एक्ट्रेस ने दावा किया कि शर्लिन की मुलाकात राज से ढाई साल पहले ही हुई थी, लेकिन वह 2012 से 'पोर्न और अश्लील कंटेंट' बना रहीं थी। बता दें कि राज को पोर्नोग्राफी मामले में 19 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। जिसके करीब 2 महीने बाद उन्हें 20 सितंबर को जमानत मिली है। वहीं, गहना भी इस मामले में आरोपी हैं और फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से मिली अंतरिम जमानत पर बाहर हैं।