कपिल शर्मा बेहतरीन कॉमेडियन हैं। अपनी दमदार कॉमेडी और जबरदस्त हास्य की वजह से वो घर-घर लोकप्रिय हैं। आज की तारीख में कपिल शर्मा एक सफल कॉमेडियन हैं, लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब उन्हें उनके मोटापे के कारण शो से रिजेक्ट किया गया था। कपिल शर्मा ने इस बात का खुलासा खुद ही किया है। सभी जानते हैं कि कपिल शर्मा ने पहले रियलिटी शो से अपनी पहचान बनाई और तब जाकर कॉमेडी शो का हिस्सा बने। इस वक्त वो खुद का शो 'द कपिल शर्मा शो' लेकर आते हैं, जो कि टीवी की दुनिया का लोकप्रिय कॉमेडी शो है। कपिल शर्मा शो में बड़ी-बड़ी हस्तियां शामिल होती हैं और अपने जीवन और रिलेशनशिप को लेकर कई अहम खुलासे भी कर जाती हैं। उनकी शो की सबसे बड़ी खासियत है कि वो बेहद सहजता से अपने मेहमानों से कुछ भी उगलवा लेते हैं।
'द कपिल शर्मा शो' के 500 से ज्यादा एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं। ये भारत का सबसे लोकप्रिय कॉमेडी शो है। कपिल ने इस शो को 5 साल पहले यानी कि 2016 में शुरू किया था। सभी जानते हैं कि कपिल शर्मा संघर्षों से निकले हुए कलाकार हैं। एक जमाने में घर चलाने के लिए उनको दुपट्टे तक बेचने पड़े थे। लेकिन ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’के तीसरे सीजन को जीतने के बाद कपिल शर्मा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।