महाराष्ट्र के सिनेमाघर लगातार बंद होने और देश के दूसरे हिस्सों में भारतीय फिल्मों के लिए माहौल सही नहीं होने के चलते ही फिल्म निर्माता अब अपनी फिल्मों को सीधे ओटीटी पर रिलीज कर देने को ही सुरक्षित मान रहे हैं। सोमवार को सामने आई जानकारी के मुताबिक तापसी पन्नू की अरसे से चर्चित फिल्म ‘रश्मि रॉकेट’ दशहरा के मौके पर 15 अक्टूबर को सीधे ओटीटी पर रिलीज होगी।
फिल्म ‘रश्मि रॉकेट’ छोटे से गांव की एख ऐसी युवती की कहानी है जिसे कुदरत की एक खास नेमत मिली हुई है। आकर्ष खुराना निर्देशित ये फिल्म नंदा पेरियासामी की लिखी एक कहानी पर आधारित बताई जाती है। फिल्म की लेखन टीम में नंदा पेरियासामी के अलावा अनिरुद्ध गुहा और कनिका ढिल्लों भी शामिल हैं। कनिका ने ही तापसी की पिछली फिल्म ‘हसीन दिलरुबा’ भी लिखी थी।
फिल्म ‘रश्मि रॉकेट’ के अन्य कलाकारों में सुप्रिया पाठक, अभिषेक बनर्जी, प्रियांशु पेन्युली और सुप्रिया पिलगांवकर भी शामिल हैं। अपनी इस नई फिल्म के बारे में तापसी पन्नू कहती है, 'फिल्म ‘रश्मि रॉकेट’ एक अलग तरह से मेरे लिए खास है। आमतौर पर मेरे पास जब कोई फिल्म आती है तो इसके निर्देशक पूरी स्क्रिप्ट लेकर ही मुझसे संपर्क करते हैं। लेकिन, ये फिल्म सिर्फ एक लाइन के तौर पर मेरे पास चेन्नई में पहली बार आई। पहले दिन से ही हर कोई कहानी के बारे में इतना निश्चित था कि इसके लिए टीम बनाने में कभी भी किसी मोड़ पर दिक्कत नहीं आई। इस फिल्म को लेकर मुझे बेहद गर्व है।" 'रश्मि रॉकेट' 15 अक्टूबर को जी5 पर रिलीज हो रही है।