फिल्म अभिनेता रणबीर कपूर भले अपनी फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ की रिलीज की और अपनी अगली फिल्म की शूटिंग शुरू होने की बाट जोह रहे हो, लेकिन उनकी मां नीतू कपूर इन दिनो खूब व्यस्त हैं। वह चैनल चैनल झूम रही हैं। रियलिटी शो में अपनी यादों के किस्से सुना रही हैं और अपने फैंस को जी भरकर अपने दीदार भी करा रही हैं। नीतू कपूर हिंदी सिनेमा की चोटी की अभिनेत्रियों में शामिल रही हैं। उन्होंने अपने समय के तकरीबन सभी बड़े सितारों के साथ काम किया और फिर अभिनेता ऋषि कपूर से शादी करने के बाद लंबे समय तक कैमरे से दूरी बनाए रखी। इन दिनों नीतू वह सारी कमी पूरी कर लेने के मूड में दिखती हैं। इस बार स्टूडियो स्टूडियो शूटिंग देखते नजर आईं नीतू कपूर डांस रियलिटी शो ‘सुपर डांसर चैप्टर 4’ के सेट पर। पता चला कि मिसेज कपूर इस शो की इस सप्ताहांत प्रसारित होने वाले एपिसोड की खास मेहमान हैं। कुछ देर यहां रुकने से पता चला कि मिसेज कपूर के स्वागत की तो यहां जबरदस्त तैयारी है। नीतू कपूर के स्वागत में सभी प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक योजनाएं बना रखी हैं और सबने तय किया है कि मिसेज कपूर के गानों पर कुछ न कुछ ऐसा पेश किया जाए जिसे देख उनके भी होश उड़ जाएं।