मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने फिल्म निर्माताओं पर हिंदू-देवी देवताओं को आसानी से निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि कार्तिक आर्यन की आने वाली फिल्म ‘‘सत्यनारायण की कथा’’ की जांच पुलिस करेगी और उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी। इस फिल्म के शीर्षक पर आपत्ति जताते हुए एक संगठन ने कहा कि यह शीर्षक हिन्दू देवताओं का अपमान है और संगठन ने फिल्म निर्माता से माफी की मांग की।
हिन्दू देवी-देवताओं को टारगेट करना बंद करें, नहीं तो होगी कार्रवाई
फिल्म सत्यनारायण की कथा का हिन्दू संगठनों द्वारा विरोध किये जाने के बारे में पूछे जाने पर मिश्रा ने कहा, ‘‘सभी फिल्म और वेब सीरीज निर्माताओं से मेरा आग्रह है कि वे हिन्दू देवी-देवताओं को टारगेट करना बंद करें। वेब सीरीज 'सत्यनारायण' में विवादास्पद कंटेंट की जांच के लिए मैंने डीजीपी को निर्देशित किया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा।’’