सोलो हीरो के तौर पर बार बार बॉक्स ऑफिस पर असफल साबित हो रहे अभिनेता अक्षय कुमार की ताजा रिलीज फिल्म ‘मिशन रानीगंज’ की ओपनिंग भी बहुत खराब रही है। हालांकि, अक्षय कुमार बायोपिक फिल्में करने के अपने फैसलों को साबित करने में इन दिनों काफी उग्र भी दिख रहे हैं लेकिन सच यही है कि पूरी दुनिया में बायोपिक फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में तेजी से गिरावट देखी जा रही है। अक्षय अब भी जिद पर अड़े हैं कि वे बायोपिक फिल्में करते रहेंगे। फिल्म ‘मिशन रानीगंज’ भी अच्छी फिल्म है बस इसका वातावरण हिंदुस्तान के रानीगंज जैसे नहीं दिखता। वजह? वजह यही है कि इस फिल्म को बनाने वालों ने भी परदे पर वही गलती दोहराई जिसके चलते ऋतिक रोशन की पिछली फिल्म ‘विक्रम वेधा’ को दर्शकों ने नकार दिया था।