फिल्म अभिनेता सलमान खान को एयरपोर्ट पर रोकने का वीडियो काफी वायरल हुआ था। इसके बाद खबर आई थी कि सलमान को एयरपोर्ट पर रोकने वाले सीआईएसएफ अधिकारी का फोन प्रोटोकॉल के उल्लंघन के कारण जब्त हो गया है। अब सीआईएसएफ के ही एक अधिकारी का कहना है कि सलमान खान को मुंबई एयरपोर्ट पर रोकना रूटीन चेकअप की प्रकिया थी। मुंबई ही नहीं, बल्कि देश भर के सभी एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ जवान आम नागरिकों के साथ ही मशहूर हस्तियों को भी जांच के लिए रोकते हैं।
इस अधिकारी का कहना है कि चाहे आम आदमी हो या सिलेब्रिटी एयरपोर्ट के भीतर जाने के लिए डॉक्यूमेंट्स की जांच सबको करानी होती है। दरअसल, सलमान को रोकने का वीडियो जारी होने के बाद कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि सलमान खान को रोकने वाले एएसआई को दंडित किया गया था, जबकि कुछ रिपोर्ट का कहना था कि उनको पुरस्कार दिया गया था। इस पर भी सीआईएसएफ अधिकारी ने पूरी जानकारी दी है। अधिकारी ने एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत की है।