चर्चित अभिनेता और टीवी कार्यक्रमों के मेजबान रहे शेखर सुमन के बेटे अध्ययन की गाड़ी पटरी पर लाने की जिम्मेदारी अब उनके राज्य से ही ताल्लुक रखने वाले बड़े कारोबारी व फिल्म निर्माता प्रकाश झा ने संभाल ली है। पिछले साल अपनी वेब सीरीज ’आश्रम’ में अध्ययन को एक महत्वपूर्ण किरदार देने के बाद प्रकाश झा ने अपनी बेटी को जिस दूसरी फिल्म के लिए बतौर निर्माता हरी झंडी दी है, उसके हीरो अध्ययन सुमन होंगे। अध्ययन सुमन आखिरी बार बड़े परदे पर पांच साल पहले फिल्म ‘इश्क क्लिक’ में नजर आए थे, उसके बाद से उनकी ये पहली फिल्म होगी। फिल्म की शूटिंग अगले सोमवार से कानपुर में शुरू होने जा रही है। फिल्म की निर्माता दिशा झा के मुताबिक ये फिल्म साइबर अपराधों के बारे में लोगों को जागरूक करेगी।