मशहूर फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो इन दिनों चर्चा में हैं। रोनाल्डो अपने किसी मैच को लेकर नहीं बल्कि हाल ही में सॉफ्ट ड्रिंक को सामने से हटाकर पानी पीने की सलाह देने को लेकर सुर्खियों में हैं। बता दें कि रोनाल्डो ने कोक की बोतल हटाकर पानी की बोतल हाथ में लेकर लोगों को पानी पीने की सलाह दी थी। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। अब तक इस पर बहुत से मीम भी बन चुके हैं। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेत्री अमृता राव के 'विवाह' फिल्म के एक सीन की तुलना इस वीडियो से कर दी गई जिस पर अभिनेत्री ने भी प्रतिक्रिया जाहिर की थी। दरअसल फिल्म विवाह के एक सीन में अमृता शाहिद के लिए पानी लेकर आती हैं और कहती हैं 'जल लीजिए'। इसके बाद सोशल मीडिया यूजर ने क्रिस्टियानो के एक्शन और अमृता राव के डायलॉग को मिलाकर मीम बना दिया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अमृता राव ने लिखा, 'आप क्या कह रहे हैं'। इसके साथ ही उन्होंने पानी पीने और हंसने वाला इमोजी भी पोस्ट किया था।
करीना को याद आया जब वी मेट का डायलॉग
वहीं अब करीना कपूर खान ने भी रोनाल्डो के इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट साझा करते हुए अपनी फिल्म 'जब वी मेट' का मशहूर डायलॉग लिखा, 'कोक-सोडा सब अपनी जगह, पानी का काम तो पानी करता है'। अब उनके इस पोस्ट पर फैंस जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।