एक्ट्रेस कंगना रणौत अपनी एक्टिंग के अलावा बेबाक बयानों के लिए भी सुर्खियों में बनी रहती हैं। कंगना हर मुद्दे और व्यक्ति पर अपनी राय व्यक्त करती हैं, फिर चाहे उससे उनका कोई मतलब हो या ना हो। हाल ही में सुपरस्टार आमिर खान और किरण राव ने तलाक लेने का फैसला लिया है। दोनों ने संयुक्त बयान जारी करते हुए फैंस को ये जानकारी दी थी। अब आमिर-किरण के तलाक के साथ ही कंगना ने इंटरफेथ मैरिज पर सवाल खड़ा कर दिया है।
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में आमिर-किरण के तलाक के साथ ही इंटरफेथ मैरिज पर अपनी बात रखी है। कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, 'एक वक्त पर पंजाब में अधिकतर परिवारों में एक बेटा हिंदू व एक बच्चे को सिख बनाने का चलन था। ऐसा कभी भी मुस्लिम व सिख और हिंदू व मुस्लिम, या फिर किसी का भी मुस्लिमों के साथ देखने को नहीं मिला।' कंगना यही नहीं रुकीं। उन्होंने आगे आमिर खान के तलाक पर हैरानी जताते हुए लिखा, 'आमिर सर के दूसरे तलाक पर मुझे हैरानी होती है कि इंटरफेथ मैरिज (अंतरधार्मिक विवाह) में हमेशा बच्चा मुस्लिम क्यों होता है? क्यों महिला हिंदू बनकर नहीं रह सकती है...बदलते वक्त के साथ इसे भी बदलने की जरूरत है, ये तरीका प्राचीन और पीछे ले जाने वाला है।'