हिंदी सिनेमा में जासूसी फिल्मों की लंबी श्रृंखला रही है। रामानंद सागर की फिल्म ‘आंखें’ से लेकर रविकांत नगाइच की फिल्मों ‘फर्ज’ और ‘सुरक्षा’ के अलावा हाल के दिनों में बनी ‘टाइगर’ सीरीज, ‘वॉर’ और अब ‘पठान’ ने जासूसों को फिर से देश के दुश्मनों के खिलाफ लगा दिया है। लेकिन, एक जासूसी दुनिया अब निर्माता दिनेश विजन बसाने जा रहे हैं। ये जासूस जेम्स बॉन्ड टाइप का होकर देश के दुश्मनों से लड़ने वाला नहीं बल्कि फिल्म ‘नाइव्स आउट’ के प्राइवेट डिटेक्टिव बेनियात ब्लॉन्क जैसा होगा। ये दुनिया बसने जा रही है राइटर अनुजा चौहान के नए उपन्यास के किरदारों के साथ, जिस पर फिल्म बनाने का एलान दिनेश विजन ने किया है। शेरलॉक होम्स, करमचंद और हरक्यूल पोयरॉत जैसे जासूसों की कैटेगरी में जो नया नाम शामिल होने जा रहा है, वह है एसीपी भवानी सिंह।
दिनेश विजन का नाम हिंदी सिनेमा में तमाम ट्रेंड सेटर फिल्मों के लिए जाना जाता है। सैफ अली खान के साथ मिलकर वह ‘एजेंट विनोद’ भी बना चुके हैं। लेकिन, उनकी ताजा तारीफ ‘स्त्री’, ‘लुकाछुपी’, ‘बाला’ और ‘हिंदी मीडियम’ जैसी फिल्मों को लेकर ज्यादा होती है। इस साल कोरोना की दूसरी लहर आने से पहले जो फिल्म थिएटर्स में रिलीज होकर सबसे ज्यादा चर्चा में रही, वह थी ‘रूही’ जिसे दिनेश विजन ने ही बनाया था।