मूवी रिव्यू : हम भी अकेले तुम भी अकेले
लेखक: सूजन फर्नांडीस, हितेश व्यास
निर्देशक: हितेश व्यास
कलाकार: अंशुमान झा, जरीन खान, गुरफतेह पीरजादा, प्रभलीन कौर, जाह्नवी रावत आदि
ओटीटी: डिज्नी प्लस हॉटस्टार
रेटिंग: *½
इन दिनों ओटीटी पर थोक के भाव रिलीज हो रहीं वेब सीरीज और फिल्मों के बीच कभी कभी किसी फिल्म का पोस्टर ही मन को खुश कर जाता है। पैकेजिंग का जमाना है और निर्देशक हितेश व्यास की फिल्म ‘हम भी अकेले तुम भी अकेले’ का पोस्टर वाकई दिल खुश कर देने वाला है। मुस्कान तब और फैलती है जब पता ये चलता है कि पोस्टर में रोडट्रिप पर खुश दिख रही ‘जोड़ी’ दरअसल अपनी अपनी जोड़ी छोड़कर यहां जुड़ी है। समलैंगिक रिश्तों की कहानियों के नाम पर ओटीटी पर इन दिनों जो कुछ परोसा जा रहा है, उसमें फिल्म ‘हम भी अकेले तुम भी अकेले’ से काफी उम्मीद भी जगी। ये इसके बावजूद कि इसके लीड एक्टर अपने अभिनय करियर के दसवें साल में ही ‘मस्तराम’ पर बीते साल आ गए थे। लेकिन, इन दिनों जिससे जितनी उम्मीद करो, वो उतना ही बेवफा निकलता है।