फिल्मी दुनिया में रोजाना कुछ ना कुछ नया देखने या सुनने को मिलता ही रहता है। बीते हफ्ते फिल्म जगत में कई हलचल देखने को मिली। एक ओर जहां नई फिल्मों के टीजर ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाई तो वहीं डॉक्युमेंट्री काली के विवादित पोस्टर से देशभर में हंगामा हो गया। पिछले हफ्ते सिनेमा जगत में हुई इन्हीं हलचलों से आपको अपडेट कराने के लिए हम हर रविवार लाते हैं वीकली रैप, जो बीते छह दिनों में हुई हर बड़ी-छोटी खबर की अपडेट आप तक पहुंचाता है। आइए कुछ ही मिनट में जानें इस हफ्ते मजोरंजन जगत में हुई ऐसी ही कुछ छोटी- बड़ी खबरों के बारे में-
विज्ञापन
2 of 16
leena manimekalai
- फोटो : सोशल मीडिया
बॉलीवुड सिनेमा में कई ऐसी फिल्में हैं, जो रिलीज से पहले धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप झेल चुकी हैं। कुछ दिनों पहले, बिग बजट फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' का ट्रेलर रिलीज हुआ था, जिसमें रणबीर कपूर मंदिर के अंदर जूते पहनकर जाते हुए नजर आए थे। इस सीन की वजह से सोशल मीडिया पर लोग काफी भड़क गए थे। वहीं, अब ऐसा ही एक और मामला सामना आया है। हाल ही में, भारतीय फिल्ममेकर लीना मणिमेकलाई ने अपनी डॉक्यूमेंट्री का एक पोस्टर शेयर किया, जिस पर अब जमकर विवाद हो रहा है। इस पोस्टर में काली मां को सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है।
देश में कई रिकॉर्ड अपने नाम करने के बाद राम चरण और जूनियर एनटीआर की फिल्म 'आरआरआर' ने विदेश में भी अपना परचम लहरा दिया है। हॉलीवुड क्रिटिक्स एसोसिएशन मिडसीजन अवार्ड्स 2022 में एसएस राजामौली की इस फिल्म को दूसरा स्थान मिला है। 'आरआरआर' ने हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों जैसे टॉप गन: मैवरिक, द बैटमैन, एल्विस और द अनबियरेबल वेट को पीछे छोड़ यह नया मुकाम हासिल किया है। हॉलीवुड क्रिटिक्स एसोसिएशन ने इस बार सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार 'एवरीवेयर एवरीवेयर ऑल एट वन्स' को दिया है। एचसीए ने यह जानकारी ट्वीट के जरिेए दी।
रियलिटी शो बिग बॉस हमेशा कन्ट्रोवर्सीज की वजह से सुर्खियों में रहता है। पिछले कई साल से इस शो को सलमान खान होस्ट कर रहे हैं। अब टीवी से ये शो ओटीटी पर आ चुका है। पिछले सीजन को मशहूर फिल्म निर्माता करण जौहर ने होस्ट किया था। पहले तो इस शो को बहुत ज्यादा पसंद नहीं किया जा रहा था, लेकिन बाद में धीरे-धीरे शो की लोकप्रियता बढ़ने लगी थी। इस सीजन की विनर दिव्या अग्रवाल थीं। अब खबर आ रही है कि इस बार शो को करण जौहर होस्ट नहीं करेंगे। क्योंकि उनका खुद का शो कॉफी विद करण शुरू होने जा रहा है।
हॉलीवुड सुपरस्टार जॉनी डेप और उनकी पूर्व पत्नी एम्बर हर्ड बीते कई समय से अपने हाई-प्रोफाइल मानहानि मुकदमे को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। इस मामले में चली लंबी कानूनी लड़ाई के बाद कोर्ट ने इस पूरे मामले पर अपना फैसला सुनाया था। मामले में कोर्ट ने जॉनी डेप के पक्ष में फैसला सुनाते हुए एम्बर हर्ड को मुआवजा देने को कहा था। हालांकि, फैसले के बाद भी यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। एम्बर हर्ड और जॉनी डेप के इस केस ने अब नया मोड़ ले लिया है। हाल ही में एम्बर हर्ड ने कोर्ट के फैसले पर सवाल उठाते हुए कोर्ट पर उनके द्वारा दिए गए सबूतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है।
सुशांत सिंह राजपूत, सिद्धार्थ पिठानी
- फोटो : सोशल मीडिया
बॉलीवुड के चर्चित ड्रग्स मामले से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। ड्रग्स मामले में गिरफ्तार सिद्धार्थ पिठानी को राहत मिली है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने सोमवार को दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद चर्चा में आए ड्रग्स मामले में पिछले साल गिरफ्तार हुए अभिनेता के रूममेट सिद्धार्थ पिठानी को जमानत दे दी। मामले में जस्टिस भारती डांगरे ने 50,000 रुपये के निजी बॉन्ड पर जमानत का आदेश दिया। गौरतलब है कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद चर्चा में में ड्रग्स मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने पिछले साल 28 मई को सिद्धार्थ को गिरफ्तार किया था।
'द फैमिली मैन 2' में अपनी एक्टिंग से सभी को प्रभावित करने के बाद सामंथा रूथ प्रभु अब बॉलीवुड में अपनी शुरुआत करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। जानकारी के मुताबिक सामंथा जल्द ही आयुष्मान खुराना के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करती नजर आने वाली हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू के लिए फिल्म भी साइन कर ली है।
नुसरत भरूचा की फिल्म जनहित में जारी ने रिलीज होने से पहले काफी सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि रिलीज के बाद ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं पाई। हालांकि फिल्म की कहानी ने लोगों के मन में कई सवाल खड़े किए, लेकिन फिर भी पिक्चर दर्शकों को पसंद नहीं आई। अब ये फिल्म कानूनी पचड़े में फंस गई है। लेखक जीतेन्द्र ज्ञानचंदानी ने फिल्म के प्रोड्यूसर और राइटर राज शांडिल्य के ऊपर फिल्म की कहानी को चुराने का आरोप लगाया है। जीतेन्द्र ज्ञानचंदानी का आरोप है कि इस फिल्म की कहानी उनकी लिखी कहानी से चुराई गई है। बता दें कि हाल ही में करण जौहर की फिल्म 'जुग जुग जियो' पर भी कहानी को चुराने का आरोप लग चुका है।
बॉलीवुड अभिनेत्री और अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की एक्स गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती उनके निधन के बाद से सुर्खियों में बनी हुई हैं। रिया चक्रवर्ती को लेकर रोज कोई न कोई खबर इंडस्ट्री से सामने आती रहती हैं। अभी भी हाल में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के केस में उनके खिलाफ आरोप दाखिल किए गए हैं। रिया चक्रवर्ती सुशांत के जाने के बाद से ही काफी परेशान हैं, न ही वह अपने एक्टिंग करियर पर फोकस कर पा रही हैं न ही किसी और चीज पर। लेकिन इन सबके बीच रिया के फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। रिया जल्द ही बड़े पर्दे पर वापसी करती नजर आ सकती हैं, जो उनके फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है।
साल 2021 में आई फिल्म हसीन दिलरुबा में तापसी पन्नू और विक्रांत मैसी की जबरदस्त केमिस्ट्री ने रंग जमा दिया था। ये एक मर्डर मिस्ट्री थी, जिसमें ट्विस्ट, सस्पेंस और रोमांच के साथ बोल्डनेस तड़का भी लगाया गया था। तापसी और विक्रांत मैसी की फिल्म को फैंस की मिली जुली प्रतिक्रिया मिली थी। हालांकि दोनों की जोड़ी को काफी पसंद किया गया था। फिलहाल जानकारी सामने आ रही है कि जल्दी ही फैंस को इसका सीक्वल भी देखने को मिल सकता है।
सलमान खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'कभी ईद कभी दीवाली' की शूटिंग में व्यस्त हैं। वहीं उनकी अपकमिंग फिल्म 'टाइगर 3', 'नो एंट्री 2' और 'बजरंगी भाईजान 2' की चर्चा भी जोरों पर है। इसी बीच उनकी एक और फिल्म से जुड़ी खबरें सामने आ रही हैं। जी हां, सलमान खान को चुलबुल पांडे के रूप में देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स की माने तो सलमान खान को दंबग 4 की कहानी काफी पसंद आई है और उन्होंने इसकी स्क्रिप्ट पर काम भी शुरू करवा दिया है।
बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय की फिल्म 'पोन्नियिन सेल्वन' यानि 'पीएस 1' का टीजर रिलीज हो गया है। ये एक एपिक ड्रामा फिल्म है जो कि कल्कि कृष्णमूर्ति की 1955 में आए नॉवेल पोन्नियिन सेल्वन पर आधारित है। टीजर में ऐश्वर्या राय का राजसी लुक देखने को मिला है। इस अवतार में वह बेहद खूबसूरत लग रही हैं। इसमें कावेरी नदी के बेटे पोन्नियन सेल्वन के भारतीय इतिहास के सबसे महान शासकों में से एक राजा चोल बनने की कहानी को दिखाया गया है
साल 2021 की बहुचर्चित फिल्मों में से एक रणवीर सिंह की '83' को भले ही बॉक्स ऑफिस पर सफलता न मिली हो, लेकिन इसे समीक्षकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। 1983 में भारत के वर्ल्ड कप जीतने पर बनी यह फिल्म अब नई उपलब्धि हासिल करने जा रही है। दरअसल मेलबर्न के भारतीय फिल्म महोत्सव में फिल्म '83' को सेलिब्रेट किया जाएगा और साथ ही पूर्व भारतीय क्रिकेटर कपिल देव गेस्ट ऑफ ऑनर होंगे।
बीते दिन हिंदी सिनेमा के मशहूर फिल्म निर्देशक गुरु दत्त का जन्मदिन था। इस खास मौके पर उन्हें सोशल मीडिया के जरिए याद किया गया। लेकिन इन सबके बीच फिल्ममेकर आर बाल्की ने इसी खास दिन पर अपनी फिल्म 'चुप' का टीजर रिलीज कर दिया। उन्होंने इस टीजर के जरिए गुरु दत्त को श्रद्धांजलि दी है, जिसमें सनी देओल और साउथ सुपरस्टार सलमान दुलकर की शानदार एक्टिंग दिखाई दे रही है।
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म लाल सिंह चड्ढा को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। फिल्म के ऐलान के बाद से ही दर्शक बेसब्री से फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में बीते दिनों सामने आए फिल्म के ट्रेलर को देख अब दर्शकों की उत्सुकता पहले से भी ज्यादा बढ़ चुकी है। इसी बीच को लेकर अब एक बड़ी अपडेट सामने आ रही है। खबरों की माने तो थिएटर पर रिलीज होने के बाद आमिर खान की फिल्म ओटीटी प्लेटफार्म पर भी रिलीज की जाएगी।
दक्षिण भारतीय अभिनेता महेश बाबू की फिल्म 'सरकारु वारी पाटा' मई में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को दर्शकों की तरफ से अच्छा रिस्पांस मिला था, जिसके चलते फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी बढ़िया कलेक्शन किया था। फिलहाल अब इस फिल्म के बाद अभिनेता अपनी नई फिल्म के लिए तैयारी में जुट गए हैं। महेश बाबू अपनी आगामी फिल्म के लिए एक बार फिर से निर्देशक त्रिविक्रम श्रीनिवास के साथ काम शुरू करने जा रहे हैं।