पहले जनवरी में फिल्म ‘मास्टर’ से दक्षिण में और फिर मार्च महीने में फिल्म ‘रूही’ से उत्तर भारत में बॉक्स ऑफिस पर लौटी रौनक को बीते महीने फिर कोरोना की नजर लग गई। अक्षय कुमार की फिल्म ‘सूर्यवंशी’, कंगना रणौत की फिल्म ‘थलाइवी’, हॉलीवुड फिल्म ‘फास्ट एंड फ्यूरियस 9’ और यशराज फिल्म्स की ‘बंटी और बबली 2’ समेत दक्षिण की कई फिल्मों की रिलीज टलने से सिनेमाघर मालिकों, वितरकों और फिल्म निर्माताओँ को 500 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मई महीने के हालात भी अब तक ठीक नहीं लग रहे हैं। आशंका है कि अलग-अलग राज्यों में लॉकडाउन के बढ़ने से मई में भी किसी बड़ी फिल्म का रिलीज होना मुश्किल है।