कभी सिर्फ आईफोन, आईपैड, आईमैक और मैकबुक के लिए ही लॉन्च हुई एपल कंपनी की वीडियो स्ट्रीमिंग सर्विस ने दुनिया भर में अपने पैर पसारने के लिए नया पैंतरा चला दिया है। कंपनी ने अपने ओटीटी एप को सिर्फ एपल के उपकरणों पर ही उपलब्ध रखने की जिद पहले ही इसे गूगल टीवी पर लाकर छोड़ दी थी। 1 जून से ये ऐप अब दुनिया के सारे नए एंड्रॉयड उपकरणों पर भी उपलब्ध होगा।
साल के शुरुआत में गूगल ने वादा किया था कि उसके प्लेटफॉर्म पर दिख रहे ऐप जल्द ही दूसरे ऑपरेटिंग सिस्टम (ओएस) पर भी उपलब्ध होंगे। इसी क्रम में एपल ने अपने ओटीटी एप एपल टीवी को बुधवार से उन उपकरणों पर भी उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है जो एंड्रॉयड ओएस पर चलते हैं। ये ऐप अब एंड्रायड ऑपरेटिंग सिस्टम वाल तमाम स्मार्ट टीवी पर भी उपलब्ध होगा। गर्मियों के इस सीजन में एपल टीवी पर कई शानदार कार्यक्रम रिलीज होने वाले हैं।