भोजपुरी सिनेमा में दिनेशलाल यादव ‘निरहुआ’, पवन सिंह, खेसारीलाल यादव, राकेश मिश्रा, प्रदीप पाण्डेय 'चिंटू' यश मिश्रा, अरविन्द अकेला 'कल्लू', प्रमोद प्रेमी, रितेश पांडे, आदित्य ओझा ये कुछ नाम हैं जिनकी फिल्मों का इनके प्रशंसक आज भी इंतजार करते हैं। लेकिन, सिनेमाघरों को अब इनकी फिल्मों का वैसा इंतजार नहीं होता, जैसा कोरोना संक्रमण काल से पहले हुआ करता था। बीते दो साल में देश में जिस किसी एक सिनेमा का पतन सबसे ज्यादा हुआ है, वह भोजपुरी सिनेमा है। भोजपुरी सिनेमा में इन दिनों करीब 15 से 20 हीरो काम कर रहे हैं। इनमें से हर किसी की औसतन पांच से छह फिल्में बीते दो साल में बनकर तैयार हैं। भोजपुरी सिनेमा के जानकार बताते हैं कि आज की तारीख में सौ से ज्यादा भोजपुरी फिल्में बनकर तैयार हैं जिनको न सिनेमाघर मिल रहे हैं और न ही वितरक।