आर्यन खान
- फोटो : सोशल मीडिया
आर्यन खान की गिरफ्तारी के बाद से शाहरुख खान का अब तक इस मसले पर कोई भी बयान न देना और बिल्कुल चुप्पी साध जाना भी आने वाले दिनों में आ सकने वाली बड़ी हलचल का इशारा कर रहा है। शाहरुख के करीबी सूत्र बताते हैं कि हिंदी फिल्म जगत में आने के बाद से शाहरुख ने कभी खुद को इतना असहाय और अकेला महसूस नहीं किया। उनके ऊपर परिवार के भीतर से कई बार अमेरिका या दुबई में रहकर हिंदी सिनेमा में काम जारी रखने का दबाव बना, लेकिन उन्होंने ही इससे इंकार किया। उनके करीबी कहते रहे हैं कि जब तक वह हिंदी सिनेमा में अभिनय करेंगे किसी दूसरे देश की नागरिकता लेने की सोच भी नहीं सकते। लेकिन, आर्यन खान को अंतर्राष्ट्रीय ड्रग तस्कर साबित करने की एनसीबी की कोशिशों ने शाहरुख को भीतर तक हिला दिया है। और, आने वाले दिनों में वह अपने मन की बात अपने प्रशंसकों के सामने कैसे रखेंगे, इस पर 20 अक्तूबर के बाद वह विचार कर सकते हैं।