बॉलीवुड में आए दिन कोई न कोई हलचल होती रहती है। प्रशंसक अपने पसंदीदा सितारों से जुड़ी खबरें जानने के लिए हमेशा उत्सुक रहते हैं। हम अपने इस आर्टिकल में आपको मनोरंजन जगत से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के बारे में बताने जा रहे हैं।
आलिया भट्ट पर भड़के लोग
हाल ही में अमिताभ बच्चन ने कमला पसंद का विज्ञापन किया। जिसपर यूजर्स ने खूब सवाल उठाए थे। ये विवाद अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि मान्यवर का एक विज्ञापन विवादों में आ गया है। इस विज्ञापन में आलिया भट्ट को दुल्हन के रूप में तैयार किया गया था और कन्यादान की परंपरा पर सवाल उठाया गया है। हिंदू संस्कृति में कन्यादान को सबसे बड़ा दान माना जाता है। सोशल मीडिया पर जैसे ही ये विज्ञापन लोगों ने देखा, वैसे ही लोगों का गुस्सा भड़क गया। लोगों ने इस विज्ञापन को फेक फेमिनिज्म बताया है। एक यूजर ने लिखा- किसी को भी हिंदू धर्म के रीति-रिवाजों को बिना समझे गलत तरीके से प्रस्तुत करने, टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। इस विज्ञापन को बैन किया जाना चाहिए।
मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने अश्लील वीडियो बनाने के मामले में फरार आरोपी यश ठाकुर उर्फ अरविंद श्रीवास्तव और कारोबारी राज कुंद्रा के सहयोगी प्रदीप बख्शी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया है। मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने राज कुंद्रा समेत चार लोगों के खिलाफ 1500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। जिसमें राज कुंद्रा, रेयान थोर्प, यश ठाकुर उर्फ अरविंद श्रीवास्तव और प्रदीप बख्शी शामिल हैं। बीते रोज ही राज कुंद्रा को जमानत मिली है। वे 19 जुलाई से ही हिरासत में थे। मुंबई क्राइम ब्रांच का कहना है कि Porn फिल्मों को बनाने और उन्हें कुछ एप के जरिये पब्लिश करने में राज कुंद्रा शामिल थे। वे इस काम से लाखों करोड़ों की कमाई करते थे। इस एप का नाम हॉटशॉट्स एप (Hotshots app) है। जिसपर अश्लील सामग्री (porn films) पोस्ट की जाती थी। बकायदा इसके लिए व्हाटसप ग्रुप भी बनाया गया था, जिसमें हर दिन की कमाई और नुकसान का हिसाब रखा जाता था।
टीवी पर इन दिनों रियलिटी शोज की धूम है। डांस से लेकर गेम तक हर तरह के रियलिटी शोज को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। ऐसे में मशहूर गेम शो कौन बनेगा करोड़पति के 13वें सीजन को भी दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं। इस शो में आने वाले आम कंटेस्टेंट की कहानी दर्शकों को प्रभावित करती है तो वहीं सेलेब्स के आने से शो में ढेर सारी मस्ती होती है। इतना ही नहीं इस शो के होस्ट अभिनेता अमिताभ बच्चन भी अक्सर सेट पर मस्ती करते नजर आते हैं। हाल ही में जारी शो के एक नए प्रोमो वीडियो में अमिताभ बच्चन एक बार फिर हॉट सीट पर बैठे कंटेस्टेंट के साथ मस्ती करते दिखाई दिए। दरअसल, वीडियो में एक कंटेस्टेंट अमिताभ बच्चन संग फ्लर्ट करती नजर आ रही हैं। वहीं, बिग बी शो का हिस्सा बनीं कंटेस्टेंट नम्रता शाह के साथ चाय पीने के लिए प्रोड्यूसर्स से शो को कुछ देर के लिए बंद करने की बात कहते नजर आए।
कोरोना की दूसरी लहर के धीमे पड़ने के साथ ही फिल्म जगत की हलचल धीरे धीरे असर दिखाने लगी हैं। सोनी पिक्चर्स की फिल्म ‘डोंट ब्रीद 2’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता रही और भले फिल्म भारत में अपनी हाइप के हिसाब से कारोबार करने में सफल न हो पाई हो, सोनी पिक्चर्स के पास हॉलीवुड फिल्मों के बड़े तुरुप के इक्के अभी बाकी हैं। सोनी पिक्चर्स की दो अंग्रेजी फिल्में ‘स्पाइडर मैन: नो वे होम’ और ‘वेनम 2- लेट देयर बी कार्नेज’ इस साल कारोबार के लिहाज से बेहद अहम फिल्में मानी जा रही हैं। लेकिन, सोनी पिक्चर्स की भारतीय शाखा के पास ऐसा कोई तुरुप का पत्ता नहीं है जिस पर फिल्म जगत के लोगों की उम्मीदें टिक सकें। इसकी दो हिंदी फिल्में ‘डायल 100’ और ‘हेलमेट’ सीधे ओटीटी पर रिलीज होकर दर्शकों को प्रभावित नहीं कर सकीं। तमाम ओटीटी दर्शक तो अब याद भी नहीं रखना चाहते कि वे ‘हेलमेट’ जैसी फिल्म देखने के लिए अपने जीवन के दो घंटे बर्बाद कर चुके हैं। सोनी पिक्चर्स की सात और हिंदी फिल्में इन दिनों निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं। इनमें से एक फिल्म ‘निकम्मा’ में शिल्पा शेट्टी एक बार फिर से बड़े परदे पर वापसी की कोशिश करती दिखाई देंगी।
पीवी सिंधु के साथ बैडमिंटन खेलतीं दीपिका पादुकोण
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
दीपिका पादुकोण का फिल्मों के साथ-साथ स्पोर्ट्स से भी एक गहरा लगाव है जो अक्सर देखने को मिलता है। दीपिका के पिता प्रकाश पादुकोण खुद भी एक मंझे हुए बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुके हैं और उन्होंने इंडिया के लिए कई मैच खेलें। वहीं दूसरी तरफ दीपिका पादुकोण भी राष्ट्रीय स्तर पर बैडमिंटन खेल चुकी हैं। हालांकि फैशन और बॉलीवुड में दिलचस्पी रखने वाली दीपिका पादुकोण ने इसे प्रोफेशन के तौर पर नहीं चुना। लेकिन कई मौकों पर दीपिका पादुकोण को बैडमिंटन खेलते हुए देखा जा चुका है। हाल ही में दीपिका पादुकोण ने अपने सोशल मीडिया पर ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु के साथ बैडमिंटन खेलते हुए कई तस्वीरें और वीडियो साझा की। इन तस्वीर और वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। दीपिका पीवी सिंधु के साथ हर मूव को बड़ी ही बारीकी से सीखती और खेलती हुईं नजर आ रही है। उनकी इन तस्वीरों को देखकर साफ जाहिर है कि दोनों बैडमिंटन खेलते हुए काफी एंजॉय कर रहे हैं।
बिग बॉस ओटीटी भले ही खत्म हो चुका हो, लेकिन घर में शुरू हुई कुछ कंटेस्टेंट के बीच की दुश्मनी अभी भी ताजा है। बिग बॉस ओटीटी के घर में हमने देखा कि दिव्या अग्रवाल की बहुत ही कम लोगों के साथ दोस्ती हुई। लेकिन प्रतीक के अलावा घर के अंदर अगर उनका अगर किसी से सबसे अधिक झगड़ा हुआ तो वो थीं नेहा भसीन और शमिता शेट्टी। शमिता और दिव्या के बीच फिर भी कही न कही बातचीत हो जाती थी, लेकिन पूरे सीजन में नेहा और दिव्या के बीच खूब झगड़ा देखने को मिला। नेहा भसीन फिनाले के बहुत करीब पहुंचकर इस शो से बाहर हो गईं थीं। शो से एविक्ट होने के बाद नेहा ने दिव्या पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिव्या और उनके बीच में घर के अंदर जो भी झगड़े हुए उससे उनकी मानसिक स्टीठी पर गहरा असर पड़ा है। उन्होंने एक मीडिया से बातचीत के दौरान इस बात का भी खुलासा किया कि घर के अंदर हुए अंडरगारमेंट्स वाले सीन की वजह से वो बहुत अधिक डिप्रेशन में चली गईं थीं।
पोर्नोग्राफी मामले में लंबे वक्त से जेल की हवा खा रहे शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा को कोर्ट से जमानत मिल गई है। राज कुंद्रा 64 दिनों तक जेल में बंद रहे। जमानत के बाद अब वह अपने परिवार के साथ हैं। इस बीच उनके बेटे वियान कुंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में वह अपनी मम्मी शिल्पा शेट्टी और छोटी बहन के साथ नजर आर रहे हैं। ठीक उनके पीछे गणेश जी की प्रतिमा विराजमान है। वियान की ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। इस पोस्ट की खास बात है कि वियान ने इस पोस्ट के साथ एक मैसेज भी लिखा है। जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं वियान कुंद्रा अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा है, 'जिंदगी भगवान गणेश की सूंड़ जैसी है...परेशानियां उनके चूहे जितनी छोटी हैं... हर पल उनके मोदक जैसा मीठा है... गणपति बप्पा मोरया...' वियान कुंद्रा पर लोग जमकर कमेंट्स कर रहे हैं।
साल 2006 में रियलिटी शो बिग बॉस-1 और बिग बॉस-14 का हिस्सा रह चुकीं राखी सावंत के पति रितेश अब बिग बॉस-15 के घर में धमाकेदार एंट्री करने वाले हैं। रितेश ने कहा है कि ये उनकी पहली पब्लिक अपीरिएंस होगी, जिसे सलमान खान होस्ट करेंगे। बिग बॉस ओटीटी के खत्म होने के बाद अब टीवी पर बिग बॉस 15 जल्द ही दिखाई देगा। रिपोर्ट के मुताबिक जब राखी सावंत के पति को बताया गया कि सलमान खान और बिग बॉस के अन्य प्रतियोगी उन्हें ढूंढ रहे हैं लेकिन वह हाजिर नहीं हुए. रितेश ने बताया कि "मेरे बिजनेस कमिटमेंट के कारण मैं नहीं मिल पाया था." लेकिन रितेश ने कहा कि वो अब राखी सावंत के साथ बिग बॉस 15 में दिखाई देंगे।
करीना कपूर खान (Kareena Kapoor Khan Birthday) आज अपना 41वां जन्मदिन मना रही हैं। करीना इस वक्त अपने पति सैफ अली खान और बच्चे तैमूर और जेह के साथ मालदीव्स में हैं और वहां से तस्वीरें साझा कर रही हैं। करीना के जन्मदिन पर करण जौहर से लेकर उनकी बहन करिश्मा कपूर तक से विश किया है। लेकिन कंगना रणौत का विश बेहद खास है। हमेशा स्टार किड्स को निशाने पर लेने वालीं कंगना रणौत ने करीना कपूर खान को सबसे सुदंर एक्ट्रेस बताया है। कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर करीना की तस्वीरों का कोलाज साझा करते हुए लिखा है, 'सबसे गॉरजस करीना कपूर खान को हैपी बर्थडे।' इसके साथ कंगना ने हार्ट इमोजी भी बनाया है।
एक्ट्रेस ईश्वरी देशपांडे का निधन
- फोटो : सोशल मीडिया
मराठी फिल्म इंडस्ट्री की जानी मानी एक्ट्रेस ईश्वरी देशपांडे का कार एक्सीडेंट में निधन हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक गोवा के बागा-कलंगुट में अभिनेत्री की कार हादसे के शिकार हो गई। इस दौरान कार में मौजूद उनके दोस्त शुभम देगडे की भी हादसे में मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक दोनों की मौत गहरे पानी में डूबने से हुई। पुलिस ने दोनों शव सोमवार को उत्तरी गोवा के अरपोरा इलाके में गहरे पानी में डूबी एक कार के अंदर से बरामद किया। 25 वर्षीय एक्ट्रेस और उनके दोस्त शुभम ( 28) की मौत पर गोवा पुलिस ने बताया कि जिस कार से वे जा रहे थे वह तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर पानी में गिर गई। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि कार कौन चला रहा था। सेंट्रल लॉक बंद होने के कारण दोनों कार से बाहर नहीं निकल सके। पुलिस को दोनों के हाथ में रिस्टबैंड मिले हैं। पुलिस का मानना है कि दुर्घटना से एक रात पहले वह किसी क्लब में गए थे। शुभम देगडे पुणे के किर्कटवाड़ी इलाके के रहने वाले थे, जबकि ईश्वरी देशपांडे भी पुणे में ही रहती थीं। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन पुणे से गोवा पहुंच गए हैं।