दिल्ली-एनसीआर की दमघोंटू हवाओं के बीच देश की बड़ी आबादी इस वक्त भी अच्छी हवा में सुकून की सांस ले रहा है। उत्तर भारत के विपरीत दक्षिण भारत की हवाएं साफ हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) जिन 136 शहरों की वायु गुणवत्ता जारी की है, उनमें से 28 शहरों का सूचकांक 50 से नीचे है। जबकि 27 शहरों में यह आंकड़ा 300 से ऊपर है। बाकी 81 शहरों की हवाएं 'संतोषजनक', 'औसत' व 'खराब' श्रेणी में है। खास बात यह कि इस दौरान किसी भी शहर की हवा गंभीर स्तर तक प्रदूषित नहीं रही।
सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, राजस्थान के कोटा के साथ सोमवार को सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर दिल्ली रहा। दोनों शहरों को वायु गुणवत्ता सूचकांक 354 रिकॉर्ड किया गया। हवा की गुणवत्ता के दूसरे छोर पर सबसे अच्छी हवा तमिलनाडु के कोयंबटूर की रही। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 18 रिकॉर्ड किया गया। इस मामले में दूसरा नंबर महाराष्ट्र के अमरावती का रहा। यहां की हवा की गुणवत्ता 19 दर्ज की गई।