रूस के हमलों के बीच यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए केंद्र सरकार जुटी हुई है। नागरिकों की वापसी के लिए अभियान में तेजी लाई गई है। ऑपरेशन गंगा अभियान के तहत तीन और भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान कल देर रात और आज तड़के हिंडन एयरबेस पर उतरे। रूस के हमलों से प्रभावित यूक्रेन से इन तीन विमानों में 630 भारतीय नागरिकों को रोमानिया और हंगरी में हवाई क्षेत्रों का उपयोग करके लाया गया है।
दिल्ली मयूर विहार ईस्टर्न अपार्टमेंट में रहने वाले जुड़वा भाई रोहन और बहन श्वेता दोनों यूक्रेन से निकल कर रोमानिया बॉर्डर पहुंचे। इसके बाद पांच दिन तक बंकर और बेसमेंट में रहे। श्वेता का कहना है कि उनके माता-पिता हार्ट के मरीज हैं। इसी वजह से वह फोन पर बात करने के दौरान उन्हें अपनी परेशानी नहीं बताते थे। वहीं, रोहन का कहना है कि इस बार उनका आखिरी वर्ष बाकी रह गया है। उसकी पढ़ाई करने और डिग्री लेने के लिए दोबारा यूक्रेन जाएंगे। वहीं भारतीय छात्रों के हाथों में पालतू जानवर चर्चा का विषय बने हुए हैं।