नोएडा के गढ़ी चौखंडी गांव में पांच मंजिला इमारत के भूतल पर बने फ्लैट में सोमवार सुबह एसी फटने के बाद आग लग गई। हादसे में फ्लैट निवासी दो सगी बहनों की जलकर मौत हो गई। जबकि माता, पिता और भाई गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया। सोमवार सुबह हुए हादसे के बाद पांच मंजिला इमारत और आसपास इलाके में अफरातफरी मच गई। ऊपरी मंजिल पर बने चार फ्लैटों में रहने वाले 20 लोगों ने बांस की सीढ़ियों व गैस पाइप लाइन के सहारे उतरकर अपनी जान बचाई। तीन दमकल वाहनों ने करीब 30 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
सेक्टर-121 स्थित गढ़ी चौखंडी गांव में बिल्डर के बनाए गए पांच मंजिला इमारत के भूतल पर बने फ्लैट में मूल रूप से खत्री बाड़ा, बुलंदशहर निवासी दिनेश सोलंकी, पत्नी ममता सोलंकी (32), बेटे शिवा (5), रुद्राक्षी (11) और कृतिका (9) के साथ रहते थे। वह ग्रेटर नोएडा के न्यू हॉलैंड कंपनी में काम करते हैं। सोमवार सुबह करीब 5 बजे सभी लोग घर में सो रहे थे। तभी एसी में अचानक शॉर्ट सर्किट के बाद धमाका हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे फ्लैट में फैल गई। इसमें कृतिका और रुद्राक्षी की जलकर मौत हो गई। वहीं दिनेश, उनकी पत्नी ममता व बेटे शिवा गंभीर रूप से झुलस गए।