फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रंगारंग कार्यक्रमों के बीच शुरू हुआ भारत केसरी दंगल

Tue, 22 Mar 2016 05:38 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, गुड़गांव
विज्ञापन
1 of 8
केसरी दंगल में पहलवान - फोटो : अमर उजाला
देश के सबसे बड़े एक करोड़ की इनामी राशि वाले ‘भारत केसरी दंगल’ का उद्घाटन सोमवार को ताऊ देवी लाल स्टेडियम में हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने किया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच राज्यपाल ने मशाल जलाकर इसकी औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम की शुरुआत में दंगल के माध्यम से ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता के शुभंकर नंदू की 10 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रतियोगिता का समापन शहीदी दिवस 23 मार्च को होगा।
विज्ञापन

2 of 8
केसरी दंगल का शुभारंभ - फोटो : अमर उजाला
राज्यपाल ने कहा कि शहीदी दिवस पर शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव के परिजनों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा खेलों में नंबर एक पर है। पुरुष ही नहीं, महिलाएं भी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। खिलाड़ी खेल भावना से खेलते हैं, जिसमें कोई जाति, क्षेत्रवाद, अमीर-गरीब नहीं होता। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों के साथ परिचय किया और उद्घाटन कार्यक्रम में योग का सराहनीय प्रदर्शन करने वाले गुड़गांव के गांव कन्हैई के राव रामसिंह स्कूल के प्रत्येक प्रतिभागी विद्यार्थियों के लिए 10 हजार रुपये इनाम के रूप में देने की घोषणा की।
विज्ञापन

हर साल होगा एक करोड़ का दंगल

3 of 8
केसरी दंगल में पहलवान - फोटो : अमर उजाला
खेल एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि शहीदी दिवस पर सबसे बड़ी कुश्ती का आयोजन किया जाएगा। हर साल अलग-अलग जिलों में एक करोड़ का इनामी दंगल होगा। इसमें प्रदेश से लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों के पहलवान हिस्सा लेंगे। इसके लिए विभाग तैयार है। कुश्ती के बाद इसी वर्ष सितंबर-अक्तूबर में राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाएगा, जिसकी विजेता टीम को 1 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा।

4 of 8
केसरी दंगल में पहलवान - फोटो : अमर उजाला
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चाहती है कि हरियाणा के प्रत्येक गांव में कबड्डी व कुश्ती जैसे खेलों को बढ़ावा मिले। गांव के युवा अपनी ताकत को सकारात्मक कार्यों में लगाएं। सरकार प्रदेश के सभी जिलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैदान बनाना चाहती है। सरकार इसी वर्ष से प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर खेल उत्कृष्टता केंद्र खोलने का काम शुरू करने जा रही है।
विज्ञापन

5 of 8
केसरी दंगल में पहलवान - फोटो : अमर उजाला
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार जल्द ही हरियाणा लोक सेवा आयोग के माध्यम से निकलने वाली नौकरियों में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का कोटा निर्धारित करने जा रही है। सभी खिलाड़ियों का बीमा भी करवाने की योजना है।
विज्ञापन

6 of 8
केसरी दंगल में पहलवान - फोटो : अमर उजाला
जल्द ही प्रदेश के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, मैदानों व नर्सरियों का डिजिटल डाटा तैयार किया जाएगा, जिसके माध्यम से घर बैठकर ही ऑनलाइन किसी भी खिलाड़ी, प्रशिक्षक, मैदान या नर्सरी के बारे में जानकारी ली जा सकेगी। इसी वेबसाइट के माध्यम से खिलाड़ी अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी के लिए आवेदन भी कर पाएंगे। योग्यता के आधार पर सीधे नौकरी मिल जाएगी।
विज्ञापन

7 of 8
केसरी दंगल में पहलवान - फोटो : अमर उजाला
सोमवार को पहला मुकाबला हरियाणा के नासिर हुसैन और एसएसबीसी के कर्मजीत नैन के बीच हुआ। शुरुआत में कर्मजीत नासिर के ऊपर हावी रहा और 2-0 से आगे बढ़त बनाई, लेकिन नासिर ने बेहतर तकनीक का परिचय देते हुए एक पटखनी से तीन प्वॉइंट हासिल कर मुकाबला 5-2 से जीत लिया। दूसरा मुकाबला हरियाणा के अनूप और तेजवीर के बीच हुआ। इसमें जींद के अनूप ने दूसरे हाफ में तेजवीर को पटखनी देते हुए 4-0 से मुकाबला जीत लिया।
विज्ञापन

8 of 8
केसरी दंगल में पहलवान - फोटो : अमर उजाला
प्रतियोगिता की मशाल का प्रज्ज्वलन अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी नवीन मोर, हितेष, मौसम खत्री तथा कृष्ण सिंह ने किया। दो बार हिंद केसरी रह चुके पहलवान सत्यव्रत कादियान ने खिलाड़ियों को खेल भावना से देश व प्रदेश के गौरव के लिए खेलने तथा मादक पदार्थों से दूर रहने की शपथ दिलाई। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में देश भर से 78 पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। इनमें सबसे अधिक 44 खिलाड़ी हरियाणा से हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें