द्वारका जिले के जाफरपुर कलां से अगवा कर हरियाणवी लोक गायिका की हत्या के आरोपी रवि और अनिल उर्फ मोहित पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम बातों का खुलासा किया है। आरोपियों ने बताया है कि करीब तीन सप्ताह पूर्व उन्होंने हत्या की साजिश रची थी।
उन्होंने 11 मई को हर वीडियो के पांच हजार रुपये देने की बात कहकर गायिका को अगवा कर उसी रात हत्या कर दी। दोनों शव को जलाना चाहते थे, लेकिन उनको मौका नहीं मिला। बाद में शव को महम इलाके में हाईवे के नजदीक फ्लाईओवर के पास गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। गायिका की पहचान न हो सके इसलिए कपड़े उतारकर जला दिए गए। घटनास्थल से करीब 40 किमी दूर उसका मोबाइल किसी नाले में फेंक दिया।