गुरुग्राम के राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में हुई चार लोगों की हत्या के मामले में पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। पुलिस पूर्व फौजी की दिवंगत बहू, किराएदार और आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल की छानबीन कर रही है।
उधर, बहू और किराएदार के मोबाइल से छेड़छाड़ होने की आशंका के चलते दोनों हैंडसेट डिजिटल इन्वेस्टिगेशन ट्रेनिंग एंड एनालिसिस (डाइटेक) भेजे गए हैं। दूसरी ओर, वारदात के आरोपी रिटायर्ड फौजी की जेल में वीडियोग्राफी कराने की अनुमति पर मंगलवार को अदालत में सुनवाई होगी।
राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र में रिटायर्ड फौजी राव राय सिंह के अपनी बहू सुनीता यादव, किराएदार केके तिवारी, उसकी पत्नी अनामिका तिवारी, बेटी सुरभि तिवारी की हत्या के मामले की जांच में पुलिस कोई कोताही नहीं बरतना चाहती।
पुलिस ने राव राय सिंह, उसकी बहू सुनीता यादव, उसके बेटे आनंद यादव, किराएदार केके तिवारी, उनकी पत्नी अनामिका तिवारी और चचेरी बहन के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाई है।